scriptमोदी के मंत्री का बेटा हत्या के प्रयास में गिरफ्तार, भाजपा विधायक का बेटा फरार | modi Minister's Son arrest in Attempt To Murder case | Patrika News

मोदी के मंत्री का बेटा हत्या के प्रयास में गिरफ्तार, भाजपा विधायक का बेटा फरार

locationजबलपुरPublished: Jun 19, 2019 11:56:18 am

Submitted by:

Lalit kostha

मंत्री और विधायक हैं रिश्ते में भाई, आरोपी दोनों के बेटे
 

Union Minister Prahlad Patel's son

Union Minister Prahlad Patel’s son

नरसिंहपुर। भाजपा के कद्दावर नेता और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के पुत्र प्रबल पटेल को हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किया गया है। वहीं छोटे भाई व नरसिंहपुर विधायक जालम सिंह पटेल का बेटा मोनू पटेल साथियों समेत फरार हो गया है। एसपी गुरकरन सिंह ने इसकी पुष्टि की है। दोनों के बेटों ने गोटेगांव में बीती रात मामूली विवाद पर कुछ युवकों को बंधक बनाकर बेदम पीटा। इस दौरान फायरिंग भी की, इसमें एक युवक के हाथ में गोली लगी है। घटना में पांच लोगों को गम्भीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मंत्री पुत्र प्रबल पटेल, भतीजे मोनू पटेल सहित 20 के खिलाफ हत्या का प्रयास व अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। अब तक प्रबल और उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मोनू नरसिंहपुर विधायक जालम सिंह पटेल का बेटा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं।

read more- केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल और भाजपा विधायक के बेटे ने की फायरिंग, हत्या के प्रयास का केस दर्ज

Union Minister Prahlad Patel's son
IMAGE CREDIT: lali koshta

आधी रात उत्पात
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 12 बजे शादी समारोह से बाइक से घर जा रहे हिमांशु राठौर, राहुल राजपूत के साथ रास्ते में मंत्री पुत्र प्रबल पटेल एवं उसके साथियों ने कहासुनी के बाद मारपीट की। दोनों को बंधक बनाकर मोनू पटेल के कार्यालय ले गए। वहां मोनू और उसके साथियों ने भी रॉड और लाठी-डंडे से बेदम पीटा। दोनों को उनके साथी शिवम राय के घर ले गए। शिवम को फोन कर घर से बाहर बुलाया और उसके साथ भी मारपीट की। इसी बीच अपने पुत्र को बचाने के लिए नगर सैनिक ईश्वर राय बाहर निकले, तो आरोपियों ने उनको भी घेर लिया। इस दौरान गोली भी चलाई गई, जो हिमांशु राठौर के हाथ में लगी। हालांकि, मामला तात्कालिक विवाद है। लेकिन, हमले के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घायल हिमांशु राठौर, राहुल राजपूत, ईश्वर राय, शिवम राय एवं मयंक को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है। वहां इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 307, 365, 294, 323, 324, 427, 353, 333 व 25-27 आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इसमें 12 आरोपी नामजद है। इधर, मंगलवार सुबह एसपी गुरकरण सिंह घटनास्थल पहुंचे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर पकडने के निर्देश दिए। टीम ने प्रबल पटेल सहित अन्य चार को दबोच लिया। जबकि, मोनू पटेल फरार हो गया।

मंत्री पुत्र ने किया फायर
घायल शिवम राय व अन्य ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मंत्री पुत्र प्रबल पटेल ने जान से मारने के इरादे से फायर किया। एक गोली उसके हाथ पर लगी है। मंत्री पुत्र व साथी ने शिवम व उसके दोस्तों को पीटा और रसूख दिखाते हुए गालियां भी दीं।

रेत की रंजिश
जानकारी के अनुसार घायल शिवम राय के पास डम्पर है। इसका संचालन शिवम व उसके साथी मोनू पटेल के विरोधी गुट के लिए करते हैं। इसको लेकर उनकी और मोनू गुट में रंजिश है। इसको लेकर ही बीती रात दोनों के बीच झड़प हुई।

आदतन अपराधी है मोनू
मोनू पटेल आदतन अपराधी है। बहोरीपार हत्याकांड से जुड़े मामले में 18 नवम्बर 2014 को मोनू पटेल के विरुद्ध गोटेगांव थाने में जान से मारने की धमकी का प्रकरण दर्ज किया गया था। उस पर मारपीट, धमकी और खनन के अन्य मामले भी दर्ज हैं। मोनू क्षेत्र में खनन माफिया गुट का सरगना बताया जाता है।

प्रबल पटेल सहित अन्य चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को पकडऩे के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। नरसिंहपुर विधायक जालम पटेल का पुत्र मोनू पुलिस की दबिश के पहले फरार हो गया।
– गुरकरण सिंह, एसपी, नरसिंहपुर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो