मानसून प्रदेश में खेल रहा आंख मिचौली, भट्टी से तप रहे शहर
जबलपुर। मानसून आएगा या जाएगा मौसम विभाग भी इस बात का अनुमान ठीक से नहीं लगा पा रहा है। नतीजतन रोज दी जाने वाली जानकारी अगले दिन झूठी साबित हो जाती है। जून के शुरुआती सप्ताह में मौसम विभाग ने कहा था कि जल्द ही मानसून सक्रिय होने वाला है। जो पूरे प्रदेश को भिगो देगा, लेकिन तेज आंधी तूफान की आहट बस हुई बारिश के नाम पर एक दो बार तेज पानी बरसा। फिर वहीं आग उगलता सूरज लोगों के सामने था। जानकारों की मानें तो जून के अंतिम सप्ताह तक मानसून आ सकता है, जो जुलाई में पूरी तरह से सक्रिय होगा।
सोमवार को भी सुबह से ही सूरज तमतमाया हुआ है। पारा 37 डिग्री तक पहुंच गया है। लोग उमस और गर्मी से हलाकान हो गए हैं। हालांकि दोपहर 3 बजे से सूरज बादलों के बीच छिपने लगा है। बादल भी गरज रहे हैं। गर्म हवाएं ठंडी हो गई हैं। लेकिन बारिश के आसार बनते बनते कई बार बिगड़ गए हैं, इसलिए ये नहीं कहा जा सकता है कि बारिश होगी या बूंदाबांदी कर बादल विदा हो जाएंगे।
वहीं रविवार को मानसूनी बादलों के रुठने के बाद सूरज ने फिर से अपना तेज दिखाना शुरू कर दिया है। दिन में पारा चढऩे लगा है। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 38.9डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया, जो शनिवार को 38.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब ३3 डिग्री अधिक है। शनिवार के मुकाबले रात में पारा लुढ़कने से अब दिन और रात के तापमान में अंतर बढऩे लगा है। इसके चलते दिन में लोगों को धूप के बीच चिपचिपी गर्मी परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने सोमवार को भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है।