जबलपुर

ऑनलाइन चैट से सामने आया सच, महिला से परेशान होकर दी थी जान

mp news: मृतक के मोबाइल से पुलिस को मिला महिला से हुई बातचीत का रिकॉर्ड, महिला पर आत्महत्या के लिए उकसाने की FIR रजिस्टर हुई...।

2 min read
Oct 05, 2025
jabalpur
Online chat reveals man committed suicide after being harassed by woman

mp news: मध्यप्रदेश के जबलपुर के सिहोरा थाना इलाके में 2 सितंबर को फांसी लगाकर खुदकुशी करने वाले युवक को एक महिला परेशान कर रही थी। पुलिस की जांच में इस बात का खुलासा हुआ है और पुलिस ने महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला भी दर्ज कर लिया है। मृतक के मोबाइल की जांच में महिला के द्वारा परेशान करने की बात पता चली है। पुलिस को मोबाइल पर दोनों के बीच बातचीत का रिकॉर्ड मिला है।

फांसी लगाकर की थी खुदकुशी

पुलिस ने बताया कि सिहोरा थाना क्षेत्र के डूडी गांव के रहने वाले 40 साल के बाबूलाल जाटव ने फांसी लगाकर खुदकुशी की थी। 2 सितंबर को बाबूलाल की लाश फांसी पर झूलती मिली थी। तब पुलिस को उसकी जेब से एक सुसाइड नोट और मोबाइल मिला था। सुसाइड नोट में गांव की एक महिला व उसके पति व एक अन्य का नाम लिखा हुआ था। सुसाइड नोट में मृतक ने इन्हीं लोगों से परेशान होकर खुदकुशी करने की बात लिखी थी। पुलिस की जांच में मृतक बाबूलाल और सुसाइड नोट में लिखे गोपी नाम के शख्स के बीच राजनीतिक दुश्मनी का भी पता चला था।

मोबाइल ने खोला राज

पुलिस ने गोपी और बाबूलाल के बीच राजनीतिक दुश्मनी के एंगल से जांच की तो बाबूलाल के फोन से पता चला कि डेढ़ महीने से उसकी गोपी के साथ किसी भी प्रकार की कोई बातचीत नहीं हुई थी। लेकिन जिस महिला का नाम सुसाइड नोट में था उसके साथ जरूर बाबूलाल की सोशल मीडिया पर बातचीत होने की जानकारी मिली। पुलिस ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट को खंगाला तो दोनों के बीच संबंधों के बारे में जानकारी मिली। उनकी बातचीत को पढ़कर दोनों के बीच रुपयों का लेन-देन होने का भी पता चला। जिसे लेकर बाबूलाल को महिला परेशान कर रही थी। पुलिस से बचने के लिए महिला ने अपने मोबाइल से सारा रिकॉर्ड मिटा दिया था लेकिन पुलिस उनकी चैटिंग रिकवर कर ली है। अब पुलिस ने महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

Published on:
05 Oct 2025 05:05 pm