
जबलपुर। हिमालय की वादियों से टकराकर आ रही सर्द हवा सुबह-शाम कंपकंपी छुड़ा रही है। मौसम में ठंडक के साथ गलन बनी हुई है। देर रात से सुबह तक कोहरा पड़ रहा है। इस बीच सर्दी सितम ढा रही है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आए बादलों के छंट जाने के बाद शहर में दोपहर के समय तेज धूप खिल रही है। कडक़ धूप से दोपहर को सर्दी से कुछ राहत मिल रही है।
इसके चलते पूर्वान्ह से लेकर दोपहर में धूप गुनगुनी लग रही है। रात होते ही शीतलहर का असर बढ़ रहा है। सर्दी बढऩे से रात में सडक़ें जल्दी सूनी हो रही हैं। भोर में सैर पर निकलने वाले लोगों की संख्या भी घट गई है। सर्दी से बचने के लिए लोगों को घर के अंदर भी गर्म कपड़ों में लिपटकर रहना पड़ रहा है।
सामान्य से चार डिग्री नीचे पारा
अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम तामान 6.5 डिग्री सेल्सियस था। गुरुवार को दोपहर में तेज धूप खिलने से अधिकतम तापमान मामूली वृद्धि के साथ 25.9 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ। जानकारी के अनुसार यह सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा बना रहा। न्यूनतम तापमान में 0.3 डिगी सी बढकऱ 7 डिग्री सेल्सियस हो गया। यह सामान्य से चार डिग्री कम बना रहा। आद्र्रता सुबह के समय 87 प्रतिशत और शाम को 42 प्रतिशत थीं।
26 दिसंबर को छा सकते हैं बादल
मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव एक बार फिर आ रहा है। उत्तरी अफगानिस्तान के ऊपर कम दबाव का असर हिमालयन क्षेत्र में पडऩे की सम्भावना है। 26 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव आने से मौसम में परिवर्तन आने की सम्भावना है।
बुधवार को दोपहर में तेज धूप और पारा के सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा होने को पुन: सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ का संकेत माना जा रहा है। अभी हवा की दिशा उत्तरी है। इस कारण आने वाले दो-तीन दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहने का अनुमान है। तापमान में मामूली वृद्धि होने पर भी सर्दी का असर फिलहाल रहेगा।