MP Weather Update: तापमान में तीन दिन से गिरावट हो रही है। बीती रात का न्यूनतम तापमान एक डिग्री से अधिक नीचे गिरा।
MP Weather Update: साल के आखिरी सप्ताह में सर्दी का सितम और तीखा हो गया है। जबलपुर में रात का तापमान फिर एक बार 8 डिग्री से नीचे चला गया। उत्तर भारत की तरफ से आ रही बर्फीली हवा और वायुमंडल में सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। दिन में भी सर्द हवा के चलते कंपकंपी छूटी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 दिसंबर के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके बाद हवा की दिशा बदलने से न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
तापमान में तीन दिन से गिरावट हो रही है। बीती रात का न्यूनतम तापमान एक डिग्री से अधिक नीचे गिरा। यह नौ डिग्री से गिर कर 7.4 डिग्री दर्ज किया गया। सीजन में तीसरी बार न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से तीन डिग्री कम था। हालांकि, दिन में अधिकतम तापमान में ज्यादा फेरबदल नहीं हुआ। यह 24.4 से हल्का बढ़कर 24.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य था। हवा में नमी 76 फीसदी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने कड़ाके की ठंड के पीछे तकनीकी कारण बताए हैं। वर्तमान में उत्तर-पूर्वी भारत के ऊपर सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम हवा 232 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। ये तेज हवा वातावरण में ठंडक घोल रही है। इसके साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में सक्रिय है, जो हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है। गुजरात के ऊपर बने एक एंटी-साइक्लोन सिस्टम के कारण जबलपुर सम्भाग में हवा के पैटर्न में थोड़ा बदलाव है। इस कारण यहां तापमान में गिरावट देखी जा रही है।
एमपी में इंदौर से ज्यादा ठंडा ग्वालियर रहा। इंदौर में 6.6 डिग्री, ग्वालियर में 6.2 डिग्री, उज्जैन में 8.5 डिग्री और जबलपुर में 7.2 डिग्री रहा। रीवा के बाद प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर राजगढ़ रहा। यहां तापमान 3.5 डिग्री रहा। इसके अलावा, पचमढ़ी में 3.8 डिग्री, नौगांव में 4.2 डिग्री, उमरिया में 4.5 डिग्री, खजुराहो में 4.8 डिग्री, मलाजखंड में 5.1 डिग्री, रायसेन में 5.6 डिग्री, शिवपुरी-मंडला में 6 डिग्री, दतिया में 6.3 डिग्री, दमोह में 6.8 डिग्री, सतना में 7.1 डिग्री, छिंदवाड़ा में 7.8 डिग्री, टीकमगढ़ में 8 डिग्री, गुना, सीधी-श्योपुर में 8.2 डिग्री, बैतूल में 8.5 डिग्री, रतलाम में 8.6 डिग्री, सागर-खंडवा में 9 डिग्री, खरगोन में 9.2 डिग्री, धार में 9.5 डिग्री और सिवनी में पारा 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।