-कांग्रेस ने कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
जबलपुर. नगर के पार्कों में आने वालों से टैक्स वसूलने के नगर निगम के फैसले का व्यापक पैमाने पर विरोध शुरू हो गया है। खास तौर पर कांग्रेस व भारतीय जनता पार्टी ने अलग-अलग विरोध जताया है। सभी ने इस फैसले को वापस लेने की मांग की है।
बता दें कि आयुक्त नगर निगम अनूप कुमार ने कहा था कि शहर के पार्को में 5 वर्ष तक के बच्चों के प्रवेश को नि:शुल्क रखा गया है। वहीं डुमना नेचर पार्क में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति से 20 रूपये और भंवरताल पार्क, शैलपर्ण उद्यान एवं गुलौआ तालाब में प्रति व्यक्ति 10 रूपये शुल्क देना होगा। वहीं पार्किंग शुल्क देय होगा। साथ ही साइक्लिंग के लिए भी शुल्क देना होगा। साइकिल लेकर चलाने वाले व्यक्ति को 100 रूपये प्रति 2 घंटे के लिए देय होगा।
ये भी पढ़ें- शुद्ध हवा के लिए भी अब ढीली करनी होगी जेब
आयुक्त नगर निगम के इस फैसले की जानकारी होते ही कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने विरोध के स्वर बुलंद कर दिए। निवर्तमान एमआईसी मेंबर समेत भाजपा युवा मोर्चा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने आयुक्त नगर निगम अनूप कुमार से मुलाकात कर इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की। लोगों का कहना है कि शुद्ध हवा के लिए भी टैक्स वसूलना सही नहीं है।
भाजपा के नगर उपाध्यक्ष जय सचदेवा, युवा मोर्चा अध्यक्ष रंजीत पटेल समेत कई कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि पार्क में सुबह के वक्त बड़ी संख्या में लोग आते हैं। उनसे मासिक शुल्क लेना गलत है। संभव हो तो निगम पार्क में सुबह 10 बजे तक आने वाले लोगों से यह शुल्क न ले। इसके बाद जो आएं, उनसे शुल्क लिया जाए। निगम कमिश्नर ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया।
उधर शहर के पार्क में नगर निगम द्वारा शुल्क बढ़ाने के निर्णय के विरोध में युवक कांग्रेस भी उतर आई। उन्होंने इसके विरोध में संभागायुक्त बी चंद्रशेखर को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि भंवरताल उद्यान सहित शहर के अन्य उद्यान में प्रवेश से लेकर अन्य शुल्क बढ़ाने से आम लोग परेशान होंगे। युवक कांग्रेस के संदीप राज, राजेश गुप्ता, दीपक करोसिया, आकाश सिंह आदि ने यह शुल्क हटाने की मांग की।