
Jabalpur Railway Station Fire: मध्यप्रदेश के प्रमुख रेलवे जंक्शनों में से एक जबलपुर रेलवे जंक्शन पर बुधवार की दोपहर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर दोपहर को आग लगने से हड़कंप मच गया। आग एक फूड स्टॉल में लगी थी जिसने देखते-देखते विकराल रूप ले लिया और आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग की लपटों में स्टेशन पर लगा शेड जलकर खाक हो गया है। आग लगते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बने एक फूड स्टॉल में शाम करीब 4 बजे आग लगी, फूड स्टॉल बंद था और पहले उसमें से धुंआ निकला और फिर आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग लगने की सूचना मिलते ही स्टेशन का स्टाफ मौके पर पहुंचा एक्सटिंग्विशर और वाटर हाइट्रेंट की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 15-20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक फूड स्टॉल के ऊपर लगा रेलवे का शेड भी जल चुका था। इतना ही नहीं प्लेटफॉर्म पर खड़ी एक पार्सल बोगी तक भी आग की लपटें पहुंच चुकी थीं।
स्टेशन पर आग लगते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया लेकिन राहत की बात ये है कि आग लगने की इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग में फूड स्टॉल में रखा फूड आइटम जल गया है। इसके साथ ही पार्सल विभाग के पास रखा कुछ सामान जिसमें कपड़े व अन्य चीजें शामिल हैं वो भी जल गई हैं। आग कैसे लगी फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और आग से हुए नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है।