जबलपुर

प्रेमानंद महाराज से लगाव लगते ही त्यागे सभी रिश्ते-नाते, रसिक दुलारी शरण ने छोड़ दी दुनिया

Premanand Maharaj And Rasik Dulari Sharan : सभी रिश्ते नाते त्यागकर प्रेमानंदजी के लिए समर्पित हो गए थे जबलपुर के दीपक लोधी रसिक दुलारी शरण, परिजनों ने मौत की सीबीआई जांच की मांग की
2 min read
• •
Sep 29, 2026
प्रेमानंद महाराज और शिष्य रसिक दुलारी शरण Image Credit- Patrika enhanced AI Grok
प्रेमानंद महाराज और शिष्य रसिक दुलारी शरण Image Credit- Patrika enhanced AI Grok

Premanand Maharaj : यूपी के वृंदावन में संत प्रेमानंदजी महाराज के 24 वर्षीय शिष्य रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी की चौथी मंजिल से गिरकर संदिग्ध मौत हो गई। राधा केली कुंज आश्रम में यह घटना घटी। दीपक लोधी के परिजनों ने जबलपुर से वृंदावन पहुंचकर इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए प्रबंधन के रवैए पर गुस्सा जताया। रसिक दुलारी शरण उर्फ दीपक लोधी के परिजनों का कहना है कि प्रेमानंद महाराज से लगाव लगते ही उन्होंने सभी रिश्ते नाते त्याग दिए थे। यहां तक कि दुनिया भी छोड़ दी पर उनकी मौत से उठे सवालों के जवाब मिलना जरूरी है।

रसिक दुलारी शरण के परिजनों की शिकायत पर मथुरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि हादसे की सूचना पाकर जब वे आधी रात को आश्रम पहुंचे तो उन्हें यहां वहां भटकाया गया।

शादी का ख्याल छोड़ा

दीपक लोधी के सभी परिजन लगातार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। उनके बाबा प्रेम लाल पटेल लोधी भी आश्रम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दीपक शांत स्वभाव के थे और धर्म कर्म से जुड़ गए थे। उन्होंने शादी करने का ख्याल भी छोड़ दिया था। दीपक लोधी ने परिवार से स्पष्ट कह दिया था कि छोटे वाले की शादी कर दो। प्रेम लाल पटेल लोधी ने आरोप लगाया कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। उन्होंने मामले की CBI जांच की मांग की।

दीपक लोधी के जीजा सोनू पटेल ने यहां वहां भटकाने और आश्रम में घंटों बैठाए रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कोई बड़ी साजिश हो सकती है, जांच जरूरी है। एक अन्य परिजन बृजेश कुमार पटेल ने कहा कि पुलिस ने जांच के बाद वास्तविकता बताने का भरोसा दिलाया है।

मौत की वजह हेमोरेजिक शॉक

उधर पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हेमोरेजिक शॉक यानि अधिक रक्तस्राव बताया गया है। पुलिस ने दीपक लोधी के कमरे से एक ग्राइंडर बरामद किया है जिससे कुछ नए तथ्य सामने आए हैं। मथुरा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का यह भी कहना है कि दीपक लोधी के साथ क्या और कैसी घटनाएं घटीं, जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा। CCTV फुटेज में उनके गिरने की बात सामने आई है।

Updated on:
29 Sept 2026 11:56 am
Published on:
29 Sept 2026 11:26 am