
public holiday: दीपावली के मौके पर शुुरू हुआ छुट्टियों का सिलसिला खत्म नहीं हो रहा है। दिवाली पर 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक की लगातार 4 दिनों की छुट्टी के बाद अब 12 नवंबर का भी अवकाश कई जिलों में घोषित हो गया है। जबलपुर जिले में भी कलेक्टर ने स्थानीय अवकाश घोषित कर दिया है। जिले में 12 नवंबर को सभी स्कूल और ऑफिस बंद रहेंगे।
जबलपुर में कलेक्टर दीपक सक्सेना (jabalpur collector deepak saxena) ने अपने जिले में 12 नवंबर का अवकाश घोषित किया है। जिले में देव प्रबोधिनी एकादशी यानि देवउठनी ग्यारस के मौके पर सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों को यह सौगात दी गई है।
कलेक्टर दीपक सक्सेना के आदेश के अनुसार 12 नवंबर यानि मंगलवार के दिन जबलपुर जिले में देवउठनी ग्यारस की छुट्टी रहेगी। जबलपुर में साल 2024 का यह तीसरा स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इससे पहले कलेक्टर दो स्थानीय अवकाश घोषित कर चुके हैं।
जबलपुर कलेक्टर द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार जिले के बैंकों, कोषालयों, उपकोषालयोें को इस आदेश से मुक्त रखा गया है। यानि देवउठनी ग्यारस पर जिलेभर के स्कूल और सरकारी ऑफिस तो बंद रहेंगे पर बैंकों, कोषालयों, उप कोषालयोें में सामान्य कामकाज होगा।