जबलपुर

जबलपुर में गणेशजी की प्रतिमा बना रहे मूर्तिकार की हत्या, पुलिस ने शुरु की छापामारी

Sculptor Murdered In Jabalpur : जबलपुर में भानतलैया में मूर्तिकार बब्बा सोनकर की हत्या, गणेशजी की प्रतिमा को दे रहे अंतिम रुप, तभी बदमाशों ने आकर की फायरिंग
2 min read
Sep 05, 2026
sculptor making lord ganesha idol murdered in jabalpur
जबलपुर में गणेशजी की प्रतिमा बना रहे मूर्तिकार की हत्या- प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo- freepik)

Jabalpur : जबलपुर में भानतलैया रोड किनारे पंडाल में मूर्तिकार बब्बा उर्फ मनोज सोनकर की बदमाशों ने हत्या कर दी। उस वक्त वे भगवान गणेश की मूर्तियों को अंतिम रुप दे रहे थे। बदमाशों ने बब्बा को गोली मार दी। देर रात फायरिंग की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गई। साथ में काम कर रहे लोग घबरा उठे और आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। बुरी तरह घायल मूर्तिकार बब्बा को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डाक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है मूर्तिकार बब्बा को पुरानी रंजिश के चलते मारा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हनुमानताल क्षेत्र में रहने वाले बब्बा उर्फ मनोज सोनकर भानतलैया मेन रोड के किनारे लम्बे समय से पंडाल लगाकर भगवान गणेशजी की मूर्ति का निर्माण करते आ रहे है। रात 12.50 बजे के लगभग बब्बा पंडाल में गणेशजी की मूर्ति को अंतिम रुप दे रहे थे। इस दौरान मोटर साइकल से आए अज्ञात बदमाशों ने बब्बा पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे गिर गए।

पुलिस कर्मियों ने उन्हें देखा तो स्तब्ध रह गए और बिना देर किए जिला अस्पताल पहुंचा दिया

वारदात से साथ में काम कर रहे युवक डर गए जबकि गोली चलने की आवाज सुनकर कई लोग एकत्र हो गए। लोगों ने घायल बब्बा सोनकर को पहले हनुमानताल थाने पहुंचाया। पुलिस कर्मियों ने उन्हें देखा तो स्तब्ध रह गए और बिना देर किए जिला अस्पताल पहुंचा दिया। यहां डाक्टरों ने जांच के बाद बब्बा सोनकर को मृत घोषित कर दिया।

खबर मिलते ही समाज के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए और घटना पर आक्रोश जताया

बब्बा सोनकर की हत्या की खबर मिलते ही समाज के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए और घटना पर आक्रोश जताया। वहीं खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश शुरु कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज भी निकाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा, जिसके चलते पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

कुछ लोगों ने बताया कि हनुमानताल क्षेत्र के समुदाय विशेष के साथ पुरानी रंजिश चल रही

पुलिस को पूछताछ में कुछ लोगों ने बताया कि हनुमानताल क्षेत्र के एक समुदाय विशेष के लोगों के साथ पुरानी रंजिश चल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर एंगिल पर जांच की जा रही है। मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Updated on:
05 Sept 2026 02:18 pm
Published on:
05 Sept 2026 02:06 pm