sex racket: छापे के दौरान फ्लैट में मिली दो महिलाएं, एक महिला उज्बेकिस्तान की रहने वाली, सेक्स रैकेट का संचालक फरार।
sex racket: मध्यप्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं को पकड़ा है। किराए के एक मकान में देह व्यापार की पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी जिसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी की और दो महिलाओं को पकड़ा। पकड़ी गई दोनों महिलाओं में से एक उज्बेकिस्तान की रहने वाली है जिसे एक दिन पहले ही देह व्यापार के लिए जबलपुर बुलाया गया था। सेक्स रैकेट का संचालक व मास्टमाइंड फिलहाल फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
जबलपुर की माढ़ोताल थाना क्षेत्र में स्थित ग्रीन सिटी के एक फ्लैट में संदिग्ध गतिविधियां होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना देने वाले ने बताया था कि एक फ्लैट कुछ लोगों ने किराए पर लिया है और उस फ्लैट में ऐसे लोग आते हैं जिनकी हरकतें आपत्तिजनक हैं। हर बार आने वाले लोग किसी महिला या लड़की को साथ में लेकर आते हैं और फिर कुछ घंटों बाद वापस चले जाते हैं। इस पर पुलिस ने फ्लैट पर छापा मारा तो वहां से दो महिलाएं पकड़ी गई हैं। इनमें से एक उज्बेकिस्तान की रहने वाली है जो एक दिन पहले ही जबलपुर आई थी।
पुलिस के मुताबिक देह व्यापार के कारोबार का सरगना शिव चौधरी नाम का व्यक्ति है जो कि आदतन अपराधी है। जांच में पता चला है कि शिव चौधरी के शहर में कई ठिकाने हैं जहां पर वो देह व्यापार का कारोबार चलाता था। वो अपने साथ पत्नी व बच्चों को भी रखता था जिससे कि किसी को उस पर शक न हो। पुलिस ने जिन दो महिलाओं को पकड़ा है उसमें शिव चौधरी की पत्नी भी शामिल है। शिव चौधरी फिलहाल फरार है जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
उज्बेकिस्तान की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया है कि 2023 में उसके पति की मौत हो गई थी जिसके बाद वो मुंबई आ गई और दूसरी शादी कर ली। इसी दौरान उसकी दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली की रहने वाली प्रिया कौर से हुई जिसने उसे देह व्यापार के कारोबार में धकेला। शिव चौधरी ने उसे अच्छी कमाई होने की बात कहकर जबलपुर बुलाया था वो एक दिन पहले ही ट्रेन से जबलपुर आई थी। पुलिस को आशंका है कि और भी लड़कियों को दिल्ली-मुंबई से देह व्यापार के लिए जबलपुर लाया गया है जिनके बारे में पता लगाने की पुलिस कोशिश कर रही है।