जबलपुर

जबलपुर में पिता-बेटी का एक साथ अंतिम संस्कार, अचानक बेटी को चिता से उठा ले गई पुलिस

Sihora Snake Bite Case: जबलपुर में 15 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध निधन ने सनसनी फैला दी। अंतिम संस्कार के दौरान पहुंची पुलिस ने चिता से किशोरी को उठवा लिया।
2 min read
Sep 23, 2026
sihora snake bite case father-daughter funeral together police stops
Sihora snake bite case: पिता-बेटी का एक साथ अंतिम संस्कार (फोटो सोर्स- Patrika)

Father-Daughter Funeral together: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में किशोरी के संदिग्ध निधन का मामला सामने आया है। जिले के सिहोरा क्षेत्र के बरखेड़ा गांव में 15 वर्षीय किशोरी लक्ष्मी कोल की संदिग्ध परिस्थितियों में दुनिया छोड़ देने के बाद उसके अंतिम संस्कार में अचानक पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने चिता से ही लक्ष्मी को उठवा लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद सिहोरा स्तिथि सरकारी अस्पताल में पीएम करवाया। पीएम के बाद लक्ष्मी को परिजनों को सौंप दिया।

सर्पदंश से पिता की गई जान, सोमवार को बेटी भी नहीं रही….

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बरखेड़ा गांव निवासी वसंत कोल (44) रविवार रात घर में सो रहे थे। इसी दौरान सर्पदंश (Snake Bite Case) के कारण उनका स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। परिजन उन्हें सिहोरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। सोमवार को पीएम के बाद वसंत को गांव लाया गया। इसी दौरान वसंत की 15 वर्षीय बेटी लक्ष्मी को लेकर बुरी खबर सामने आई। इलाज के दौरान लक्ष्मी भी नहीं रही। लक्ष्मी के चले जाने की खबर सुनकर गांव का माहौल गमगीन हो गया।

अंतिम संस्कार के बीच पहुंची पुलिस

मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को पिता-पुत्री का एक साथ अंतिम संस्कार किया जा रहा था। इसी दौरान किसी अनजान व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। किशोरी के निधन को संदिग्ध मानते हुए सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंची और चिता से किशोरी को उठाकर पीएम के लिए अस्पताल ले आई। पीएम के बाद किशोरी को परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद शाम करीब 6 बजे पिता-बेटी का अंतिम संस्कार किया गया।

रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने बताया कि मामला संदिग्ध होने के कारण पीएम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी के निधन का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

सर्पदंश के समय इन बातों का रखें ध्यान

-मरीज को शांत रखें और घबराने न दें।
-प्रभावित हिस्से को कम से कम हिलाएं।
-तुरंत अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें।
-प्रभावित स्थान पर घरेलू उपचार या किसी तरह की छेड़छाड़ से बचें।
-रस्सी या कपड़े से कसकर न बांधें।

Updated on:
23 Sept 2026 10:10 am
Published on:
23 Sept 2026 10:10 am