Temperatures drop : आठ से तेजी से गिरेगा तापमान, फिर लौटी कड़ाके की ठंड
Temperatures drop : मौसम में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। जबलपुर सहित सम्भाग के जिलों में फिर कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। रात के तापमान में शुक्रवार को एक बार फिर खासी गिरावट से जबलपुर में तेज ठंड का असर रहा। रात का न्यूनतम तापमान डेढ़ डिग्री नीचे लुढ़ककर दस डिग्री से नीचे चला गया। सुबह शाम कोहरे व ओस के चलते जोरदार ठिठुरन महसूस हुई। मौसम विभाग की मानें, तो शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं। इसके चलते आगामी दो दिनों में दिन और रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी होने से हवा का रूख उत्तरी होगा। इसके असर से 7-8 दिसंबर से जबलपुर सम्भाग में ठंड का असर बढ़ने लगेगा।
शुक्रवार को बादल छंटने से रात का न्यूनतम तापमान डेढ़ डिग्री नीचे गिरा। यह 11.4 से गिरकर 9.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम था। दिन में अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री से गिरकर 25.3 दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। हवा में नमी 77 फीसदी दर्ज हुई।
मौसम विभाग के अनुसार हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का सिलसिला बना है। पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के बाद उत्तरी हवा सीधे मध्यप्रदेश की ओर आ रही है। इससे पारा तेजी से गिर रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार ला नीना सक्रिय है। इससे प्रशांत महासागर का तापमान कम हो गया है। इसका असर भारत में भी दिख रहा है। ठंडी हवा ज्यादा ताकत के साथ मध्य भारत तक पहुंच रही है। इस बार हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर में सीजन की बर्फबारी सामान्य समय से पहले हो गई। इससे एमपी की ठिठुरन 20–30 प्रतिशत तक बढ़ गई है।