
Jabalpur Tripura Sundari Temple Accident: मध्यप्रदेश के जबलपुर में तेवर स्थित त्रिपुर सुंदरी मंदिर के पास सोमवार को एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हाइसे में कार सवार दो लोगों को चोटें आई हैं। जबकि एक व्यक्ति कार के खाई में गिरने से पहले ही कार से कूद गया था। कार खाई में करीब 70 फीट नीचे जाकर ठहर गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से तुरंत कार में फंसे दोनों सवार लोगों को कार से बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नवरात्र पर एक नई कार लेकर जबलपुर का एक परिवार त्रिपुर सुंदरी मंदिर पहुंचा था। परिवार को नई कार की पूजा करानी थी। कार चालक कार को मंदिर के पास खड़ी कर रहा था तभी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और मंदिर के पास से सड़क किनारे से खाई में गिरने लगी। कार को खाई में गिरता देख कार में सवार एक व्यक्ति कूद गया। बाकी दो लोग कार में सवार थे जो कार के साथ खाई में जा गिरे। बताया गया है कि खाई में गिरते वक्त कार के सामने एक पेड़ आ गया और पेड़ से टकराकर करीब 70 फीट की गहराई में कार रुक गई। कार के पेड़ से टकराकर रुकते ही उसमें सवार दोनों लोग कार से उतर गए।
कार को गिरता देखकर मौके पर लोग बचाव के लिए दौड़े और दो लोगों को खाई से बाहर निकाला। कार सवार दोनों लोगों को मामूली चोटें आई हैं। लोगों का कहना था कि सड़क के किनारे पैराफिट वॉल या तार की फैंसिंग नहीं होने की वजह से कार चालक को भ्रम हो गया था, जिससे यह हादसा हुआ था। उधर, यह भी सामने आया कि मंदिर में श्रद्धालुओं के आने-जाने की भीड़ उमड़ रही है, ऐसे हालात में वाहन चालक का नियंत्रण हट गया था।