
Premanandji Disciple Rasik Dulari Sharan : वृंदावन में संत प्रेमानंदजी के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध मौत से जहां जबलपुर के उनके पुश्तैनी गांव में शोक पसरा है वहीं यह केस राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में बना हुआ है। 25 सितंबर को यह घटना घटी थी। पोस्टमार्टम के बाद दूसरे दिन रसिक दुलारी शरण का वृंदावन में ही यमुना के किनारे अंतिम संस्कार कर दिया गया था। उनके परिजन के साथ ही देशभर के साधु संत घटना की न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं। इस बीच घटनाक्रम से जुड़ा एक नया वीडियो सामने आया है। इसमें रसिक दुलारी शरण के अंतिम पल कैद हैं। वीडियो में दिख रहा है कि वे चौथी मंजिल की दीवार पर कुछ बैठे रहे और इसके बाद फर्श पर ही लेट गए। अचानक उठकर रसिक दुलारी शरण चौथी मंजिल के नीचे गिर गए। उन्हें जमीन पर पड़े देखकर एक साधक सहित वहां से गुजर रहे अन्य लोग भी डर गए थे।
रसिक दुलारी शरण संदिग्ध मौत मामले में मथुरा पुलिस की जांच जारी है। अभी तक ढाई दर्जन से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। इनमें केली कुंज आश्रम से जुड़े शिष्य व प्रबंधन के लोग भी शामिल हैं।
करीब 6 दिन बाद घटना का नया वीडियो सामने आया है। इसके अनुसार CCTV में रसिक दुलारी शरण छत की बाउंड्री वॉल पर बैठे दिख रहे हैं। वहां से उठकर वे फर्श पर ही लेट जाते हैं। इसके बाद उठकर अचानक बाउंड्री वॉल से गिर जाते हैं। उनके पीछे पीछे एक साधु दौड़कर नीचे झांकता दिखाई दे रहा है।
इससे पहले रसिक दुलारी शरण का चौथी मंजिल से गिरने का वीडियो सामने आया था। इसमें साफ दिख रहा था कि वे सड़क पर पैरों के बल गिरे थे। वहां से साइकिल से गुजर रहे एक साधक सहित दो लोग प्रेमानंदजी के शिष्य को जमीन पर गिरे देख डर से जाते हैं।
प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण का वास्तविक नाम दीपक लोधी था। वे मूलत: जबलपुर के रहनेवाले थे। दीपक लोधी ने 2 साल पूर्व वृंदावन जाकर प्रेमानंद महाराज से बाकायदा दीक्षा ली। वे उन्हीं के आश्रम में रहने लगे थे। करीब 3 माह से रसिक दुलारी शरण वाराह घाट इलाके में गुरु कृपा कुंज बिल्डिंग में रह रहे थे। यह 4 मंजिला इमारत प्रेमानंद महाराज के केली कुंज ट्रस्ट की है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सुबह करीब 10.35 बजे रसिक दुलारी शरण इमारत की चौथी मंजिल पर गए। कुछ देर बाद वहां से नीचे गिर गए। रसिक दुलारी शरण को गंभीर हालत में सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत की वजह अत्यधिक रक्तस्राव बताई जा रही है। प्रेमानंदजी के शिष्य रसिक दुलारी शरण के परिजन पूरे केस की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। अभी मथुरा पुलिस मामले की जांच कर रही है।