MP Weather: मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से 23 जनवरी के बाद जिले सहित संभाग के जिलों में मौसम में बदलाव हो सकता है...
MP Weather: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शहर में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। तापमान में वृद्धि के चलते ठंड का असर कुछ कम हुआ है, हालांकि उत्तरी सर्द हवाओं के कारण सुबह-शाम ठिठुरन बनी हुई है। शहर में सुबह हल्का कोहरा नजर आया, जबकि न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट हुई।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से 23 जनवरी के बाद जिले सहित संभाग के जिलों में मौसम में बदलाव हो सकता है। बादल छाने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।
शहर में बादलों की आवाजाही के कारण धूप कमजोर रही। दिन में उत्तरी सर्द हवा चलने से ठंडक महसूस हुई। अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। रात का न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री से गिरकर 12.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
हवा में नमी का स्तर 82 प्रतिशत तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के ऊपर करीब 12.6 किमी की ऊंचाई पर तेज गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवा बह रही है। एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ 21 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर चुका है। इसके प्रभाव से ठंड फिर से बढ़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम-उत्तर भारत और यूपी के ऊपर दो साइक्लोनिक सकुर्लेशन (चक्रवात) एक्टिव है। एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) का असर भी है। ये दोनों ही सिस्टम आगे बढ़ रहे हैं। जिसके चलते उत्तरप्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में मौसम बदला है। ये सिस्टम मध्यप्रदेश में भी असर दिखाएंगे। इस दिन बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन 23, 24,25 जनवरी को 7 जिलों में बारिश होने के आसार है। इनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिले शामिल हैं।
बात तापमान की करें तो मध्यप्रदेश में मंदसौर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़ में 6.2 डिग्री, नौगांव में 7 डिग्री, शाजापुर में 7.1 डिग्री, कटनी के करौंदी में 7.6 डिग्री, दतिया में 7.9 डिग्री, खजुराहो में 8 डिग्री, रीवा में 8.2 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री और पचमढ़ी में पारा 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में सबसे कम 9 डिग्री रहा। भोपाल में 10.8 डिग्री, इंदौर में 12.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री और जबलपुर में तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।