
LPG Gas Cylinder eKYC: रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराने की अंतिम तारीख 30 अगस्त निर्धारित की गई है। गैस कंपनियों की गाइडलाइन के अनुसार जिन उपभोक्ताओं का निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी सत्यापन पूरा नहीं होगा, उन्हें आगे रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग और आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में गैस उपभोक्ताओं के पास ई-केवाईसी कराने के लिए अब सीमित समय ही बचा है। जिले में कुल 74,672 गैस कनेक्शनों में से 14,296 उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी लंबित है। समय सीमा नजदीक आने के साथ गैस एजेंसियों ने लंबित उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है।
ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर उपभोक्ताओं को रिफिल सिलेंडर की बुकिंग और आपूर्ति में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जरूरत के समय सिलेंडर नहीं मिलने से घरेलू व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। यही वजह है कि अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ गैस एजेंसियों में ई-केवाईसी कराने वाले उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ रही है।
ई-केवाईसी का उद्देश्य गैस कनेक्शनों का वास्तविक सत्यापन करना और यह सुनिश्चित करना है कि कनेक्शन का इस्तेमाल वास्तविक उपभोक्ता ही कर रहा है। इसके माध्यम से रिकॉर्ड में दर्ज उपभोक्ताओं की मौजूदा स्थिति की जानकारी भी अपडेट की जा सकेगी। ई-केवाईसी के बाद ऐसे निष्क्रिय या संदिग्ध कनेक्शनों की पहचान कर रिकॉर्ड को व्यवस्थित किया जा सकेगा।
बस्तर जिले के कई उपभोक्ता रोजगार या अन्य कारणों से लंबे समय से जिले से बाहर रह रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए समय पर ई-केवाईसी कराना चुनौती बन सकता है। हालांकि ऑनलाइन सुविधा के चलते उन्हें एजेंसी तक पहुंचने की आवश्यकता नहीं होने से राहत मिल सकती है। गैस एजेंसियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 30 अगस्त की अंतिम तारीख का इंतजार न करते हुए जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूरी करा लें, ताकि भविष्य में सिलेंडर बुकिंग या आपूर्ति को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो।
जानकारी के अनुसार, साई एचपी गैस एजेंसी के 8,369 उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी अब तक लंबित है। इसके अलावा श्रीराम एचपी गैस एजेंसी और श्री मां हंसी गैस एजेंसी से जुड़े भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं का सत्यापन बाकी है। एजेंसी संचालकों के अनुसार उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। वहीं जो उपभोक्ता किसी कारण से एजेंसी तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे संबंधित गैस कंपनी के मोबाइल एप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।