Anti Naxal News: नक्सल मुक्त और सशक्त बस्तर के लक्ष्य के तहत नारायणपुर पुलिस और 41वीं वाहिनी आईटीबीपी ने ‘माड़ बचाओ अभियान’ के अंतर्गत अबूझमाड़ क्षेत्र में बने विशालकाय नक्सल स्मारक को ध्वस्त कर दिया।
CG Naxal News: नक्सल मुक्त और सशक्त बस्तर की दिशा में चल रहे प्रयासों के तहत सुरक्षा बलों ने अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलियों के एक बड़े प्रतीक को जमींदोज कर दिया। नारायणपुर पुलिस और 41वीं वाहिनी आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने ‘माड़ बचाओ अभियान’ के अंतर्गत फरसगांव क्षेत्र में बनाए गए विशालकाय नक्सल स्मारक को जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया।
इस कार्रवाई को क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कमजोर करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। भारत सरकार और राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। पुलिस द्वारा अबूझमाड़ क्षेत्र में नए सुरक्षा कैंपों की स्थापना, सडक़, पुल-पुलिया निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंदरूनी गांवों तक पहुंचाने में सहयोग दिया जा रहा है।
शुक्रवार को नारायणपुर पुलिस और 41वीं वाहिनी आईटीबीपी की संयुक्त टीम कुतुल, फरसगांव और आसपास के क्षेत्रों में एरिया डॉमिनेशन के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान पुलिस सहायता केंद्र कुतुल क्षेत्र के ग्राम फरसगांव में नक्सलियों द्वारा निर्मित विशालकाय स्मारक की जानकारी मिली थी।
सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से नक्सल स्मारक को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के स्मारक नक्सलियों की मौजूदगी और प्रभाव का प्रतीक होते हैं, जिन्हें खत्म करना इलाके में शांति, विकास और विश्वास बहाली के लिए आवश्यक है।