जगदलपुर

चुनाव से ढाई साल पहले कांग्रेस का मास्टर प्लान, आज से संगठन की पाठशाला, जानें पूरा गणित

Chhattisgarh Congress: विधानसभा चुनाव में अभी करीब ढाई साल का समय बाकी है, लेकिन कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। बस्तर संभाग से ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत हो रही है।
3 min read
Aug 30, 2026
Congress
कांग्रेस। पत्रिका फाइल फोटो

Congress Training Camp: विधानसभा चुनाव में अभी करीब ढाई साल का वक्त है, लेकिन कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसकी शुरुआत बस्तर संभाग से होने जा रही है। शहर के गणपति रिसॉर्ट में 30 अगस्त से तीन दिवसीय संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को संगठन की कार्यप्रणाली, कांग्रेस की विचारधारा और चुनावी राजनीति से जुड़े मुद्दों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कांग्रेस के प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता प्रशिक्षण सत्रों में पदाधिकारियों को पार्टी के इतिहास और विचारधारा की जानकारी देने के साथ केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों व कथित विफलताओं को जनता के बीच प्रभावी तरीके से उठाने का प्रशिक्षण भी देंगे। बस्तर के बाद प्रदेश के अन्य संभागों में भी इसी तरह के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

टीएस सिंहदेव ने कही यह बात

टीएस सिंहदेव दो दिवसीय प्रवास पर शनिवार को जगदलपुर पहुंचे। वे 30 अगस्त को गणपति रिसॉर्ट में आयोजित कांग्रेस के संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे। जगदलपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने संगठनात्मक प्रशिक्षण, कार्यकर्ताओं के जनता से संपर्क और यूथ कांग्रेस चुनाव को लेकर अपनी बात रखी।

संभाग स्तरीय प्रशिक्षण शिविर को लेकर सिंहदेव ने कहा कि प्रशिक्षण कोई एक बार होने वाली प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसे लगातार जारी रहना चाहिए। संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का अधिक से अधिक लोगों से संपर्क होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का पहला मंत्र ही अधिक से अधिक लोगों से संपर्क बनाना और लगातार जनता के बीच रहना है। कार्यकर्ताओं को लोगों की समस्याओं को समझना चाहिए और उनके साथ निरंतर संवाद बनाए रखना चाहिए। जनता के बीच रहने से संगठन को निश्चित रूप से मजबूती मिलती है।

आज सुबह 11 बजे से आगाज, पहले दिन सिंहदेव संभालेंगे मोर्चा

गणपति रिसॉर्ट में रविवार सुबह 11 बजे प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत होगी। पहले दिन पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव प्रशिक्षण सत्र में ब्लॉक पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे और उन्हें संगठन को बूथ एवं ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने के लिए तैयार करेंगे। शिविर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। अलग-अलग सत्रों में संगठन की रणनीति, कांग्रेस की विचारधारा और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा की जाएगी।

जिला अध्यक्षों के बाद अब ब्लॉक अध्यक्षों की बारी

कांग्रेस करीब दो महीने पहले रायपुर में जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर चुकी है। अब संगठन को जिला स्तर से आगे ब्लॉक स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को केवल संगठनात्मक जिम्मेदारियों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें स्थानीय मुद्दों, सरकारी योजनाओं, विपक्ष की भूमिका और जनता से सीधे संवाद के लिए भी तैयार किया जाए।

यूथ कांग्रेस चुनाव में वरिष्ठ नेताओं की भूमिका नहीं

यूथ कांग्रेस के चुनाव में वरिष्ठ नेताओं की भूमिका पर सिंहदेव ने कहा कि यूथ कांग्रेस का चुनाव युवाओं का चुनाव है और इसमें वरिष्ठ नेताओं को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि हाईकमान की ओर से भी संकेत दिए गए हैं कि यूथ कांग्रेस चुनाव में बड़े नेताओं को हस्तक्षेप नहीं करना है। इसलिए उनकी इस चुनावी प्रक्रिया में न तो कोई भूमिका है और न ही वे इसमें किसी तरह का योगदान देंगे।

बैज समेत वरिष्ठ नेताओं ने लिया तैयारियों का जायजा

प्रशिक्षण शिविर शुरू होने से पहले शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रदेश महामंत्री मलकीत सिंह गैदू और बस्तर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य गणपति रिसॉर्ट पहुंचे। नेताओं ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

ब्लॉक के नेता तीन दिन पब्लिक कनेक्ट को समझेंगे

  • पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी आएंगे प्रशिक्षण सत्र में
  • प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने खुद संभाला मोर्चा
  • संगठन संयोजन और चुनाव प्रबंधन पर भी होगी बात
  • संभागभर से ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी आएंगे
Updated on:
30 Aug 2026 12:43 pm
Published on:
30 Aug 2026 12:43 pm