पूर्व सांसद दिनेश कश्यप ने कहा प्रदेश में तानाशाही शासन चलाया जा रहाकांग्रेस के खिलाफ जनता में आक्रोश
सुकमा . सुकमा भाजपा कार्यालय में पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के द्वारा प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के द्वारा जनता से किए गए एक भी वादे अब तक पूरे नहीं किए हैं जबकि प्रदेश की जनता के द्वारा अब इन वादों को याद दिलाने का काम कर रही है। कर्मचारियों से जो वादा किया था आज तक पूरा नहीं हुआ है, जिसके कारण से आज पूरे प्रदेश के कर्मचारी सड़क पर उतरने को मजबूर हैं, जो कर्मचारी अपनी आवाज उठा रहे हैं उन्हें दबाने की कोशिश भूपेश बघेल की सरकार द्वारा की जा रही है एक प्रकार से प्रदेश में तानाशाही शासन चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर आवाजों का दमन करना चाहती है। एक काला आदेश निकालकर रैलियों और प्रदर्शनों पर कड़े प्रतिबन्ध और शर्तों को थोपने का काम किया है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के सपनों को छलने का काम किया है। उसने प्रदेश की सीधी-सच्ची जनता को दर्जनों लुभावने सपने दिखा कर, उनसे सैकड़ों वादे कर सत्ता हड़प ली। और अब जिस जनता ने उसे सत्ता सौंपी, उसी के साथ वह बर्बरता की सीमा लांघते हुए, प्रदेश के लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार की नृशंस हत्या कर रही है।
ऐसे समय पर जब भाजपा बाबा साहेब डा भीम राव अम्बेडकर की जयंती को सामाजिक न्याय पखवाड़ा' के रूप में मना रही है, तब छत्तीसगढ़ की जनता के साथ कांग्रेस असामाजिक, अलोकतांत्रिक अन्याय करने पर उतारू है। कांग्रेस की संविधान द्वारा प्रदत लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या की कोशिश कर रही है।
भूपेश सरकार ने एक तुगलकी आदेश जारी कर प्रदेश भर के सभी निजी, सार्वजानिक, धार्मिक, राजनीतिक, अन्य संगठनों द्वारा प्रस्तावित आयोजनों पर जिसमें भीड़ आती हो, उसे रोकने के लिए 19 बिंदुओं की शर्ते लगाई गई है और उसका कठोरता से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। इन शर्तों का पूरी तरह पालन कर कोई भी बड़ा धार्मिक राजनीतिक, सामाजिक आयोजन संभव ही नहीं है। सीधे तौर पर सरकार यह चाहती है कि जन संगठनों के विरोध प्रदर्शनों को, असहमति की आवाज़ को, विपक्ष को, धार्मिक भावनाओं को, कुचलने का काम कर रही है, कांग्रेस का ऐसा करने का इतिहास भी रहा है।
दिनेश कश्यप ने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस के खिलाफ जनता में आक्रोश व्याप्त होता जा रहा है। जिस प्रकार से कांग्रेस पार्टी की ने अपने चुनावी घोषणा में जनता से किए वादे अब तक पूरे नहीं किए हैं, इसको लेकर जनता काफी आक्रोशित है। कांग्रेस ने अनियमित एवं संविदा कर्मी सहित अन्य कर्मचारियों को कई वादे किए थे लेकिन कर्मचारियों की मांग आज तक पूरी नहीं हुई है कर्मचारी आंदोलन कर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं लेकिन कांग्रेस की सरकार इनकी मांगों को सुनने की जगह दबाने का प्रयास कर रही है, जबकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा अपने चुनावी घोषणा पत्र कर्मचारियों से वादा पूरा करने का आश्वासन दिया।