
Bastar Ganja Seized: बस्तर में गांजा तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 14 लाख रुपये का गांजा जब्त किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहा था, जबकि दो युवक उससे गांजा खरीदने पहुंचे थे। वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने गांजा बेचते हुए एक आरोपी को पकड़ा है।
पहली कार्रवाई नानगुर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 26 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर गांजा खरीदने पहुंचे मध्य प्रदेश के दो अन्य युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह नानगुर थाना क्षेत्र के मामले में कुल तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए। पुलिस ने तीनों को रिमांड पर लिया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
दूसरी कार्रवाई नगरनार थाना क्षेत्र में हुई। यहां पुलिस ने अवैध रूप से गांजा बेच रहे एक आरोपी को पकड़ा। उसके पास से दो किलो गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, नानगुर और नगरनार थाना क्षेत्रों में की गई दोनों कार्रवाइयों में कुल 28 किलो गांजा जब्त किया गया है। इसकी कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा, गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि गांजा तस्करी और अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।