Ganja smuggler: बस्तर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पान मसाला की आड़ में गांजा बेच रही एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
Ganja smuggler: बस्तर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बोधघाट पुलिस ने पान मसाला की आड़ में गांजा बेचने की तैयारी कर रही एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6.090 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 4 हजार 750 रुपए बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि नयामुंडा में रहने वाली महिला अपने घर में गांजा रखकर उसकी बिक्री की तैयारी कर रही है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार देवांगन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश दी।
Ganja smuggler: तलाशी के दौरान एक काले रंग के बैग में खाकी टेप से लिपटे पांच पैकेटों में कुल 6.090 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी गांजा रखने एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 20 (बी)(द्बद्ब)(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर 2 फरवरी 2026 को उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुकी है।