जगदलपुर

Holi 2025: यहां दशहरे के जैसे मनाई जाती है होली, 600 सालों से राजपरिवार निभा रहे ये परंपरा, जानें पूरी कहानी

Holi 2025: छत्तीसगढ़ का बस्तर अनोखी परम्पराओं के लिए जाना जाता है। यहां पिछले 600 सालों से होलिका दहन में अनोखी परम्परा निभाई जाती है। दरअसल, यहां के होलिका दहन का संबंध प्रह्लाद से नहीं बल्कि मां दंतेश्वरी और भगवान जगन्नाथ से है।
2 min read
• •
Updated: 13 Mar 2025, 8:17 AM IST
Holi 2025: छत्तीसगढ़ के इस जिले में मनाई जाती है दशहरे के जैसे होली, 600 सालों से राजपरिवार निभा रहे ये परंपरा, जानें पूरी कहानी

Holi 2025: जगदलपुर @अजय श्रीवास्तव। शहर से 17 किमी दूर स्थित है माड़पाल। इस माड़पाल गांव में होलिका दहन की रियासती परंपरा आज भी कायम है। यहां सर्वप्रथम होलिका दहन होता है उसके बाद यहां से लाई चिंगारी से जगदलपुर राजमहल परिसर के सामने मावली माता मंदिर में युगल होलिका यानि दो होली के कुंड बनाकर उनका दहन किया जाता है।

माड़पाल में यह परंपरा 1423 में शुरू हुई थी

होलिका में तेन्दू, पलाश, साल, खैर, धवड़ा, हल्दू और बेर सहित सात प्रकार की सूखी टहनियों का दहन होता है। माड़पाल के सरपंच महादेव बाकड़े और पुजारी लखन ने बताया कि इन लकडिय़ों के दहन करने से उत्पन्न धुआं कई नुकसानदायक कीट को खत्म कर देता है, होलिका की राख कीट नाशक की तरह उपयोगी होती है।

रथ संचालन में शामिल होते हैं राजपरिवार सदस्य

राज परिवार के द्वारा होलिका दहन से पहले मावली माता की पूजा अर्चना कर माता के छत्र को रथारूढ़ किया जाता है। इसके पीछे किंवदन्ती है कि बस्तर रियासत के राजा पुरुषोत्तम देव जब पदयात्रा करते हुए जगन्नाथ पुरी गए थे। उन्हें रथपति की उपाधि दी गई थी। पुरी से राजा पुरुषोत्तम देव लाव-लश्कर के साथ जब वापस बस्तर लौट रहे थे। उसी दौरान होली की रात को माड़पाल में ग्रामीणों ने उन्हें रोक कर होलिका दहन करने का आग्रह किया गया।

पुरुषोत्तम देव ने सहर्ष स्वीकार किया। ग्रामीणों ने राजा को बैलगाड़ी में बैठ कर होलिका दहन स्थल तक ले गए। तब से हर साल होली के मौके पर बस्तर राजपरिवार सदस्य माड़पाल पहुंचते हैं और होलिका दहन में शामिल होते हैं।

रथ निर्माण कार्य शुरू

बस्तर दशहरा पर्व में तैयार किए जाने वाले रथ की तरह माड़पाल में ऐतिहासिक राजशाही होली के लिए रथ निर्माण शुभ मुहूर्त में किया जाएगा।

Updated on:
13 Mar 2025, 8:17 AM IST
Published on: