
जगदलपुर। CG Agriculture News : पहले किसान धान की कटाई कर उसे खलिहान लाते थे, उसकी मिंजाई ट्रैक्टर व बैलगाड़ी से करते थे। अब समय के साथ फसल कटाई का तरीका भी बदल गया है। हार्वेस्टर से कटाई-मिंजाई कराई जा रही है। जिन किसानों ने हाथ से कटाई की है, वे थ्रेसर से मिंजाई करा रहे हैं।
जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है। इधर धान की फसल पकने के बाद किसान कटाई में जुटे हैं, लेकिन किसानों को कटाई के लिए मजदूर नहीं मिल रहे हैं। वहीं हल्की बदली किसानों को चिंतित कर रही है कि कहीं बारिश न हो जाए। बारिश का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में किसान निश्चिंत होकर धान की फसल की मिंजाई व कटाई कर सकते हैं। जिन खेतों की जमीन सूख गई है, वहां किसान हार्वेस्टर से कटाई की जा रही है। उम्मीद है कि दिवाली के बाद धान कटाई, मिंजाई और खरीदी में और तेजी आएगी।
नंदकुमार पटेल की छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किया गया
जगदलपुर जिला कांग्रेस कार्यालय में शहीद कांग्रेस नेता नंदकुमार पटेल की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य व अन्य नेताओं ने नंदकुमार पटेल के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किया। शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष शहीद नंदकुमार पटेल कांग्रेस पार्टी के मजबूत आधार स्तंभ थे।
श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ कांग्रेसी गौरनाथ नाग, आईटी सेल प्रदेश महासचिव योगेश पाणिग्रही, लीगल सेल अध्यक्ष अवधेश झा, युवक कांग्रेस प्रदेश सचिव तुलाराम कश्यप ने भी श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनकी जीवनी पर प्रकाश डाला और उन्हें अपना आदर्श बताया। श्रद्धांजलि सभा के प्रारंभ में शहीद नंदकुमार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान वरिष्ठ नेता गागरा राम, श्री जीराम, अल्ताफ हुसैन, सुभाष गुलाटी, असीम सुता, कमलसाय कश्यप, मानसिंह ठाकुर , सोनारुराम, जयदेव नाग, प्रदीप भारती, सुखदेव कश्यप, सुकमन कश्यप, संजय सोनी सहित दरभा, जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र से आए कांग्रेसी उपस्थित थे।