जगदलपुर

CG News: कांग्रेस स्थापना दिवस पर बड़ा ऐलान, 5 जनवरी से शुरू होगा मनरेगा बचाओ अभियान

CG News: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस सुकमा जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया।
2 min read
5 जनवरी से ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ शुरू (photo source- Patrika)
5 जनवरी से ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ शुरू (photo source- Patrika)

CG News: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस रविवार को सुकमा जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों में उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए बलिदानों और लोकतंत्र व संविधान के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को याद किया गया।

CG News: कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस ध्वज को दी सलामी

जिला मुख्यालय सुकमा स्थित राजीव भवन में आयोजित मुख्य समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के बाद कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस ध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर भ्रमण कर पार्टी के संस्थापकों, स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों को स्मरण करते हुए नारे लगाए।

पूरे नगर में कांग्रेस झंडों और नारों के साथ उत्सव का माहौल नजर आया। इस अवसर पर जिला व नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस का इतिहास आजादी व संविधान से जुड़ा: लखमा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का इतिहास देश की आजादी, संविधान निर्माण और लोकतंत्र की मजबूती से अभिन्न रूप से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उन महान बलिदानियों की विरासत है, जिन्होंने देश को अंग्रेज गुलामी से मुक्त कराया और लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय व समानता जैसे मूल्यों को मजबूत किया। कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की आवाज है, जो हमेशा कमजोर, वंचित और मेहनतकश लोगों के साथ खड़ी रही है।

मनरेगा की हर हाल में रक्षा की जाएगी

CG News: स्थापना दिवस कार्यक्रम के समापन के बाद कांग्रेस ने ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ चलाने का संकल्प लिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने 5 जनवरी से अभियान की विधिवत शुरुआत करने का निर्णय लिया।

शपथ में कहा गया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की हर हाल में रक्षा की जाएगी। यह योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान से मिला काम का अधिकार है। ग्रामीण मजदूरों के सम्मान, रोजगार, मजदूरी और समय पर भुगतान के अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष किया जाएगा।

Published on:
29 Dec 2025 12:02 pm