Ram Navami 2025 Date: राम नवमी चैत्र शुक्ल नवमी तिथि को है। इस साल राम नवमी के दिन 5 शुभ संयोग बन रहे हैं, जिसमें रवि पुष्य योग लोगों के लिए कल्याणकारी है..
Ram Navami 2025 Date: मर्यादा पुरूषोत्तम राम जन्म महोत्सव श्रीरामनवमी का पर्व 6 अप्रैल को मनाया जा रहा है। हर साल चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाया जाता है। इसी दिन मां दुर्गा के नौवें रूप सिद्धिदात्री की भी पूजा की जाती है, जो सुख-समृद्धि और सभी बाधाओं से मुक्ति प्रदान करने वाली मानी जाती हैं।
पं दिनेश दास ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि शनिवार 5 अप्रैल की शाम 07 बजकर 26 मिनट पर लगेगी। इस तिथि का समापन अगले दिन रविवार 6 अप्रैल की शाम 7 बजकर 22 मिनट पर होगा। ऐसे में श्रीरामनवमी का पर्व 6 अप्रैल को मनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि श्रीरामनवमी का पर्व भगवान राम के आदर्शों और मूल्यों को याद करने का दिन है। इस दिन मंदिरों में जाकर दर्शन और धार्मिक कार्य करने से जीवन में सुख-शांति आती है। बीते कुछ साल से अंचल में रामनवमी का पर्व पूरे उत्साह व उमंग से मनाया जाता रहा है। इस बार भी ऐसी तैयारियां जारी हैं।
राम नवमी के दिन इस बार कई शुभ योग बन रहे हैँ जो इस दिन को और अधिक खास बना रहे हैं। सुकर्मा योग इस दिन सुबह से शाम 6:55 बजे तक सुकर्मा योग रहेगा। इस योग में किए गए कार्य शुभ और मंगलकारी माने जाते हैं।
शहर के राम मंदिर में रामलला के जन्मोत्सव की तैयारी शुरू कर दी गई है। मंदिरों का रंग रोगन और सजावट चल रही है। इस दिन हिन्दू धर्म से जुड़े धार्मिक संगठन जूलूस सहित अन्य धार्मिक आयोजनों की तैयारी कर रही है। इसके अलावा शहर के मां दंतेश्वरी मंदिर में नवरात्रि को लेकर भी तैयारियां जारी है।