जगदलपुर

बस्तर में बिजली खपत में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, 5 साल में 10 लाख यूनिट की खपत… अब यहां नए उपकेन्द्रों की होंगी स्थापना

Jagdalpur News: बस्तर जिले में बिजली की खपत में पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। शहर के विस्तार और उपभोक्ताओं की लगातार बढ़ती संख्या ने विद्युत खपत का ग्राफ तेजी से ऊपर किया है।
2 min read
Sep 18, 2025
बिजली बिल का पूरा गणित ( Photo - Patrika )
बिजली बिल का पूरा गणित ( Photo - Patrika )

CG News: बस्तर जिले में बिजली की खपत में पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। शहर के विस्तार और उपभोक्ताओं की लगातार बढ़ती संख्या ने विद्युत खपत का ग्राफ तेजी से ऊपर किया है। वर्तमान में धरमपुरा और शहर जोन को मिलाकर लगभग 39 हजार उपभोक्ता हर माह करीब 40 से 45 लाख यूनिट बिजली की खपत कर रहे हैं। जबकि पांच साल पहले तक यह खपत केवल 30 लाख यूनिट प्रतिमाह थी।

यानी पांच साल में 10 लाख यूनिट से अधिक की खपत बढ़ चुकी है। वहीं जैसे-जैसे शहर और ग्रामीण क्षेत्र में विस्तार हो रहा है, विद्युत खपत भी बढ़ती जा रही है। शहरी उपभोक्ताओं की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। अभी शहर जोन में लगभग 24 हजार और धरमपुरा जोन में करीब 15 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जा रही है।

इन क्षेत्रों में पॉवर हाऊस, धरमपुरा, अवंतिका कॉलोनी और सनसिटी स्थित चार सब स्टेशनों से आपूर्ति की जाती है। बढ़ते लोड और उपभोक्ताओं को देखते हुए विद्युत कम्पनी ने अब पांचवें सब स्टेशन को स्वीकृति दी है। यह नया सब स्टेशन महारानी अस्पताल परिसर में बनाया जा रहा है और इसके शुरू होने के बाद आसपास के हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

नए उपकेन्द्रों की होंगी स्थापना

विद्युत कम्पनी अधिकारियों का कहना है कि जगदलपुर ,कलचा, नगरनार और कोड़ेनार 132/33 केवी उपकेन्द्र की स्थापना होगी। नए विद्युत केन्द्र स्थापित होने से बस्तर जिले को पर्याप्त बिजली की आपूर्ति मिलेगी है। पहले जहां बढ़ती खपत और सीमित क्षमता के कारण बाधाएं आती थीं, वहीं अब अतिरिक्त उत्पादन और आपूर्ति की वजह से उपभोक्ताओं को बिना रुकावट बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। कम्पनी का दावा है कि आने वाले वर्षों में खपत और अधिक बढ़ने की संभावना है। इसी को देखते हुए शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों में नए सब स्टेशनों की स्थापना की योजना बनाई जा रही है।

हर साल उपभोक्तओं की संख्या बढ़ रही

ग्रामीण इलाकों में भी बिजली उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में यह आंकड़ा 1 लाख से अधिक हो चुका है। पहले यहां पुराने ट्रांसफॉर्मरों और बढ़ते लोड के कारण समस्याएं आती रहती थीं। कई बार उपभोक्ताओं को वोल्टेज की कमी या ट्रिपिंग की परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब इन समस्याओं को दूर करने के लिए उच्चदाब ट्रांसफॉर्मर लगाए जा रहे हैं, जिससे खपत के अनुसार बिजली आपूर्ति बेहतर की जा सके।

उपभोक्ताओं की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार अधोसंरचना विकसित की जा रही है। आने वाले समय में जैसे-जैसे शहर और गांवों का विस्तार होगा, वैसे-वैसे बिजली की खपत भी बढ़ेगी। इसे ध्यान में रखते हुए कम्पनी की प्राथमिकता है कि हर उपभोक्ता तक निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाई जा सके। - हिलोन ध्रुव, ईई, छग. विद्युत वितरण कंपनी

Published on:
18 Sept 2025 02:28 pm