Rajasthan News: पाकिस्तान से सटी अन्तरराष्ट्रीय बॉर्डर से केवल 100 मीटर पहले तक राजस्थान हिस्से में मोबाइल कनेक्टिविटी पहुंचेगी।
जयपुर। पाकिस्तान से सटी अन्तरराष्ट्रीय बॉर्डर से केवल 100 मीटर पहले तक राजस्थान हिस्से में मोबाइल कनेक्टिविटी पहुंचेगी। केन्द्र सरकार के निर्देश पर बीएसएनएल ने अब 140 मोबाइल टावर लगाने और एक हजार किलोमीटर लम्बाई में ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने का काम शुरू कर दिया है। इससे सीमा सुरक्षा बल के जवानों और नजदीकी गांव-ढाणियों तक भी मोबाइल से बातचीत हाे सकेगी।
बीएसएनएल राजस्थान के मुख्य महाप्रबंधक विक्रम मालवीय के मुताबिक अभी बॉर्डर पर कई हिस्सों में पाकिस्तानी नेटवर्क के सिग्नल आते रहे हैं। यहां बीएसएनएल का नेटवर्क आने के साथ ही उनके सिग्नल रोकने के उपकरण भी लगाए जाएंगे। वहां पाकिस्तान के मोबाइल सिग्नल कनेक्टिविटी से जुड़ने की आशंका को खत्म किया जा सकेगा। मालवीय ने बताया कि अभी तक बॉर्डर से पांच किलोमीटर पहले तक टावर लगाए गए थे।
कुछ समय पहले बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर व श्रीगंगानगर जिलों से सटे बॉर्डर के इलाकों में सर्वे भी किया गया। इस दौरान दूरसंचार विभाग व इंटेलीजेंस एजेंसी के अधिकारी, सभी मोबाइल ऑपरेटर के प्रतिनिधि व बीएसएफ के जवान साथ रहे।
यह भी पढ़ें