Good News: करीब 21.63 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे 100 बेड के अत्याधुनिक सैटेलाइट अस्पताल में विभिन्न विभागों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक, मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहेगा।
New Satellite Hospital In Jaipur: जयपुर के झोटवाड़ा पंचायत समिति भवन की भूमि पर बन रहे सैटेलाइट अस्पताल का निर्माण कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा है। क्षेत्र के लोगों के लिए यह अस्पताल एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा के रूप में सामने आएगा। इसके बनने के बाद आसपास के क्षेत्रवासियों को इलाज और जांच के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उन्हें अपने घर के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। करीब 21.63 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहे 100 बेड के इस अत्याधुनिक सैटेलाइट अस्पताल में विभिन्न विभागों की चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे, जिससे अस्पताल की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहेगी।
इस अस्पताल के शुरू होने से कांवटिया अस्पताल, जनाना अस्पताल, गणगौरी महिला चिकित्सालय सहित सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल पर मरीजों का भार कम होने की संभावना है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अपने घर के पास ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे उन्हें उपचार के लिए शहर के अन्य बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
चार मंजिला सैटेलाइट अस्पताल को तैयार करने की जिम्मेदारी आरएसआरडीसी और जयपुर विकास प्राधिकरण को दी गई है। यहां तीसरी मंजिल का निर्माण कार्य तेजी से जारी है और भवन का स्ट्रक्चर लगभग तैयार हो चुका है। अस्पताल भवन को दिसंबर माह के अंत तक पूरी तरह तैयार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
अस्पताल का स्ट्रक्चर बनकर तैयार हो रहा है। जल्द ही यहां स्वास्थ्य सुविधाएं मिल जाएं तो इलाज और जांच के लिए दूर-दराज अस्पतालों
में भटकना नहीं पड़ेगा।
मेघा शर्मा, स्थानीय निवासी
सैटेलाइट अस्पताल संघर्ष समिति की और से क्षेत्र में अस्पताल की लगातार मांग की जा रही थी। सरकार ने बरसों पुरानी मांग पर मुहर लगाकर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी है। अस्पताल के बनने से लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा।
दुर्गेश नंदिनी, पूर्व पार्षद
झोटवाड़ा में सैटेलाइट अस्पताल नहीं होने से लोगों को इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल जाना पड़ता है। अस्पताल के बनने पर नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने लगेंगी।
इंजीनियर फरहान नकवी, स्थानीय निवासी