कोटपूतली से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने 3 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद बच्ची को बेड बॉक्स में बंद कर दिया।
कोटपूतली। जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां 35 वर्षीय एक युवक ने 3 साल की मासूम के साथ छेड़छाड़ कर उसे अपने ही घर में बेड के बॉक्स में छिपा दिया। पुलिस की मुस्तैदी से बच्ची को सुरक्षित दस्तयाब कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। बच्ची करीब 9 घंटे लापता रही। वह शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे लापता हुई थी और रात करीब 12.15 बजे पुलिस ने बरामद किया।
पुलिस के अनुसार कोटपूतली-बहरोड़ जिले के एक गांव में मासूम बालिका शुक्रवार दोपहर घर पर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला नशे का आदी युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया, जहां आरोपित ने उसके साथ छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया। बाद में वारदात को छिपाने के लिए कमरे में बने बेड के बॉक्स में बंद कर दिया।
अचानक बच्ची लापता होने पर परिजनों में खलबली मच गई। उसे आसपास तलाश शुरू किया, लेकिन सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और अलवर से डॉग स्क्वॉयड टीम को बुलाया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपित के घर दबिश दी। वहां तलाशी के दौरान बच्ची को बेड के बॉक्स से दस्तयाब किया गया। बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
बच्ची का मेडिकल मुआयना कराया गया है। आरोपित के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपित युवक शादीशुदा है। उसकी पत्नी अपने बच्चे के साथ पीहर में थी।