जयपुर

राजस्थान के इस शहर में बनेगी प्रदेश की सबसे लंबी एलिवेटेड रोड, नदी के ऊपर से गुजरेंगे वाहन, किनारों पर बफर जोन घोषित

राजधानी जयपुर को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए विशेषज्ञों की सलाह थी कि द्रव्यवती नदी पर एलिवेटेड रोड बनाई जाए। जिसपर सीएम भजनलाल शर्मा ने सहमति जता दी है।

less than 1 minute read
Feb 27, 2026
Jaipur New Elevated Road
प्रतीकात्मक तस्वीर-एआई जेनरेटेड

जयपुर। ट्रैफिक समस्या से जूझ रहे गुलाबी नगर को अब द्रव्यवती नदी से आस है। नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड की संभावनाओं की तलाश की जाएगी। शुक्रवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बजट रिप्लाई में इसकी घोषणा की। अब जेडीए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करवाएगा।

द्रव्यवती नदी के ऊपर 36 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड के लिए डीपीआर बनाई जाएगी। नदी की कुल लम्बाई 47.5 किमी है। योजना धरातल पर उतरी तो लाखों लोगों की राह सुगम होगी। जेडीए अधिकारियों की मानें तो पाचीपेच से सांगानेर तक इस एलिवेटेड रोड को ले जाया जाएगा।

इन सड़कों से होगी कनेक्टविटी

द्रव्यवती नदी के ऊपर प्रस्तावित यह एलिवेटेड रोड एक वैकल्पिक ट्रैफिक कॉरिडोर के रूप में काम करेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, यह सड़क शहर के प्रमुख मार्गों जैसे सीकर रोड, अजमेर रोड, टोंक रोड और दुर्गापुरा क्षेत्र से कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगी। इससे मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और आवागमन सुगम होगा।

द्रव्यवती नदी के दोनों किनारों पर बफर जोन घोषित

इधर, जेडीए ने भी नदी के दोनों ओर 100-100 मीटर को बफर जोन घोषित किया है। माना जा रहा है कि जेडीए दोनों विकल्पों पर काम करेगा। क्योंकि शहर के बाहरी इलाके में नदी किनारे सडकें बनी हुई हैं और 20 से 25 किमी क्षेत्र में जगह भी खाली है। पुरानी चुंगी से हसनपुरा की ओर आने पर नदी किनारे मकान बने हुए हैं। यहां पर जेडीए को सड़क बनाने के लिए मशक्कत करनी होगी।

घोषणा धरातल पर उतरी तो ये लाभ होंगे

  • शहर का बड़ा हिस्सा कवर हो जाएगा, रोज लाखों लोगों को राहत मिलेगी।
  • प्रमुख मार्गों पर एलिवेटेड रोड से ट्रैफिक उतारने और चढ़ाने के लिए रैम्प भी बनाए जाएंगे।
  • शहर की एक हिस्से से दूरे हिस्से की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और कम समय में लोग ज्यादा दूरी तय कर सकेंगे।
Updated on:
04 Mar 2026 03:30 pm
Published on:
27 Feb 2026 09:38 pm