
photo: patrika
School Lecturer Exam: जयपुर. राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित प्राध्यापक, प्राध्यापक (कृषि) एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2025 के तहत रविवार को जयपुर जिले में ड्राइंग, उर्दू और पंजाबी विषय की परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुईं। हालांकि इन परीक्षाओं में अभ्यर्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। विशेष रूप से पंजाबी विषय की परीक्षा में उपस्थिति का प्रतिशत बेहद कम दर्ज किया गया।
परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जयपुर (पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम पारी में आयोजित ड्राइंग विषय की परीक्षा के लिए कुल 5,944 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से केवल 2,220 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 3,724 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार ड्राइंग विषय में कुल 37.35 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
इसी प्रकार द्वितीय पारी में आयोजित उर्दू विषय की परीक्षा के लिए 5,894 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 2,430 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,464 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। उर्दू विषय में कुल उपस्थिति 41.23 प्रतिशत दर्ज की गई, जो तीनों विषयों में सर्वाधिक रही।
वहीं पंजाबी विषय की परीक्षा में सबसे कम उपस्थिति दर्ज की गई। इस विषय के लिए कुल 2,015 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, लेकिन केवल 369 अभ्यर्थी ही परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचे। 1,646 अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति के साथ इस विषय में मात्र 18.31 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
जिला प्रशासन के अनुसार सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा केन्द्रों पर नियुक्त पर्यवेक्षकों और अधिकारियों ने आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संचालन की निगरानी की। अभ्यर्थियों की जांच, प्रवेश प्रक्रिया और परीक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं।
प्रशासन ने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी केन्द्र से कोई अप्रिय घटना, अव्यवस्था या नियम उल्लंघन की सूचना प्राप्त नहीं हुई। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और संबंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित किया गया।
गौरतलब है कि आरपीएससी की व्याख्याता भर्ती परीक्षा में पिछले कुछ दिनों से लगातार कम उपस्थिति देखने को मिल रही है। कई विषयों में आधे से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल नहीं होने के कारणों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
Updated on:
07 Jun 2026 07:25 pm
Published on:
07 Jun 2026 07:21 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
