जयपुर

80 की उम्र में हरियाली बचाने का जज्बा, उजाड़ पार्क फिर से बना दिया हरा भरा

जगदीश चाचा पार्क के आसपास से पानी की बाल्टियां भर कर इस पार्क में लाते हैं। कई बार तो अपने घर से भी बाल्टियां भर-भर कर पानी देते हैं...
2 min read
• •
Updated: 21 Dec 2017, 11:47 AM IST
save greenery

जयपुर। नगर निगम द्वारा शहरवासियों को हरियाली मुहैया करवाने के लिए बनवाए गए पार्क सूख रहे हैं। किसी पार्क में बोरिंग खराब है तो कहीं पानी सींचने वाला बागवान नहीं है। कई पार्कों में चौकीदार और दरवाजों के अभाव में आवारा पशु हरियाली को नुकसान पहंचा रहे हैं।

श्रीरामनगर विस्तार स्थित ओमशिव पार्क का बोरिंग पिछले काफी समय से खराब पड़ा था ऐसे में हरियाली तो यहाँ से पूरी तरह गायब हो गई। पौधे भी सूखने की कगार पर हैं। लेकिन इसी कॉलोनी के अस्सी वर्षीय बुजुर्ग जगदीश प्रसाद जांगिड़ उफऱ् जगदीश चचा उम्र के इस पड़ाव में भी इन पौधों को बचाने के जतन में लगे हैं। जगदीश चाचा पार्क के आसपास जो घर हैं उन में से विनती कर पानी की बाल्टियां भर कर इस पार्क में लाते हैं। कई बार तो अपने घर से भी बाल्टियां भर-भर कर पानी लाकर पार्क में लगे पौधों में देते हैं ताकि ये सूखे नहीं। नतीजा सामने हैं पार्क की रौनक एक बार लगी है।

लौट रही हरियाली
स्थानीय लोगों ने बताया कि कि नगर निगम तो पार्कों की सार-संभाल करने में सक्षम नहीं है। इस पार्क का बोरिंग पिछले काफी समय से खराब है जिसके कारण दूब भी सूख गई और पेड़-पौधे भी सूख रहे हैं। लेकिन जब से चाचा ने अपने कन्धों पर जिम्मेदारी संभाली है हरियाली फिर से लौटने लगी है।

अपने कंधों पर ली सफाई की जिम्मेदारी
इस पार्क में एक पीपल का पेड़ है जिसमें स्थानीय लोग भगवान की खंडित तस्वीरें, बचा हुआ प्रसाद, कलेंडर और अन्य पूजा सामग्री पॉलीथिन में भर कर डाल देते हैं जिससे यहां गंदगी हो जाती है। लेकिन वे वृद्धावस्था में भी इस पेड़ के पास पड़ा कचरा उठाते हैं और अन्यत्र फेंकते हैं। इस बारे में उन्होंने बताया कि ये पूजा का सामान और खंडित मूर्तियां पीपल में रखना धार्मिक आस्था से जुड़ा है ऐसे में इन्हें ऐसा करने से रोकना भी उचित नहीं है। लेकिन जब वे इस वृक्ष के आसपास गंदगी के ढेर देखते हैं तो उन्हें दु:ख होता है। इस पेड़ के पास सबसे ज्यादा गंदगी बास्योड़ा पर होती है जब लोग घरों में भोग लगाए हुए पकवान पीपल पर रख जाते हैं। इसके अलावा पार्क में दूसरे स्थानों पर भी जो कूड़ा पड़ा रहता है उसे ये साफ कर फेंक देते हैं।

Published on: