जयपुर

न जाने किन हालात में हौद में डूबी होगी प्रियंका! कुछ और इशारा कर रहे हालात, अभी तक नहीं मिली उसकी स्कूल यूनिफॉर्म

स्कूल प्रबंधन कह रहा है कि हादसे के बाद ही प्रियंका के भाई अविनाश के साथ यूनिफॉर्म घर भेज दी थी। जबकि परिजनों का कहना है वह अब तक उन्हें नहीं मिली है.
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2017, 8:22 AM IST
priyanka death

जयपुर। दूषित पानी के हौद में गिरने से हुई मौत के 2 दिन बाद भी प्रियंका की स्कूल यूनिफॉर्म का पता नहीं चला है। स्कूल के बच्चों के साथ अजमेर रोड स्थित कंचन केसरी रिसोर्ट में पिकनिक पर गई 9 वर्षीय प्रियंका की शुक्रवार दोपहर गंदे पानी के हौद में डूबने से मौत हो गई थी।

स्कूल प्रबंधन कह रहा है कि शुक्रवार शाम हादसे के बाद ही प्रियंका के भाई अविनाश के साथ यूनिफॉर्म घर भेज दी थी। जबकि परिजनों का कहना है कि जो यूनिफॉर्म प्रियंका पहनकर गई थी, वह अब तक उन्हें नहीं मिली है। उन्हें केवल शूज मिले हैं।

उधर, भांकरोटा थाना पुलिस ने भी अभी तक मामले की पड़ताल शुरू नहीं की है। चित्रकूट में रविवार को स्वर गोविंदम कार्यक्रम होने के कारण व्यस्तता के चलते पुलिस मामले में जांच नहीं कर पाई। जांच अधिकारी का कहना है कि सोमवार को पड़ताल के बाद ही बता पाएंगे कि कपड़े कहां हैं। हालांकि परिजनों ने पुलिस पर ढिलाई का आरोप लगाया है।

गौरतलब है कि स्कूल के बच्चों के साथ अजमेर रोड स्थित कंचन केसरी रिसोर्ट में पिकनिक पर गई 9 वर्षीय प्रियंका की शुक्रवार दोपहर गंदे पानी के हौद में डूबने से मौत हो गई थी। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन, रिसोर्ट कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिन हालात में बच्ची की मौत हुई, वे दुष्कर्म के बाद हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। रिसोर्ट व स्कूल एक-दूसरे को बचाने में जुटे हैं।

परिजनों के अनुसार प्रियंका की मौत की बात शनिवार शाम तक भी मां रोशनी व भाई अविनाश को नहीं बताई गई। मां को यही बताया गया कि चोट लगी है, वह अस्तपताल में भर्ती है। अविनाश प्रियंका के साथ रीबस स्कूल में ही पांचवीं में पढ़ता है। उसने बताया कि प्रियंका को अंतिम बार उसने स्विमिंग पूल के पास दोपहर लगभग 12.30 बजे देखा था।

Published on: