बिंदायका औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तीन मंजिला कूलर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।
जयपुर। बिंदायका औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तीन मंजिला कूलर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना सिंवार रोड नंबर-5, शिवाड़ मोड के पास स्थित एक बड़ी फैक्ट्री की है। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत से धुएं का काला गुबार उठने लगा, जिसे कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। इस हादसे में फैक्ट्री में रखे सैकड़ों कूलर जलकर खाक हो गए, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है।
हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ, जब फैक्ट्री के भीतर करीब आधा दर्जन मजदूर सो रहे थे। आग की लपटें उठते देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया और सो रहे मजदूरों को समय रहते जगाकर बाहर निकाला। गनीमत रही कि समय पर सूचना मिल गई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इस दौरान थानाधिकारी विनोद कुमार, एएफओ भंवर सिंह व अन्य मौके पर मौजूद रहे।
आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री की ऊपरी मंजिल पर आधा दर्जन कमर्शियल गैस सिलेंडर रखे होने की जानकारी मिली, जिससे बड़े विस्फोट का खतरा पैदा हो गया था। मौके पर मौजूद कांस्टेबल संदीप कुमार और अन्य साथियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर उन सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला। सिविल डिफेंस के कर्मचारियों ने भी मोर्चा संभाला और अन्य ज्वलनशील पदार्थों को हटाया ताकि आग और ज्यादा न फैले।
आग की सूचना पर बिंदायका, बगरू, झोटवाड़ा और मानसरोवर केंद्रों से दो दर्जन से ज्यादा दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। तीन मंजिला इमारत होने के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कत आ रही थी, जिसके बाद विशेष वाहन 'टर्नटेबल लैडर' को बुलाया गया। इस मशीन की मदद से ऊंचाई पर पहुंचकर पानी की बौछारें की गईं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दमकलकर्मियों को अंदर घुसने में परेशानी हो रही थी, जिसके चलते जेसीबी मशीन की मदद से फैक्ट्री के पिछले हिस्से की दीवार को तोड़ा गया।
आग की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के औद्योगिक क्षेत्र के रास्तों को पूरी तरह बंद कर दिया। फैक्ट्री की ओर आने वाले सभी वाहनों को डायवर्ट किया गया। ताकि दमकल की गाड़ियों को आने-जाने में कोई बाधा न हो। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।