जयपुर

Jaipur Metro का बनेगा मास्टरप्लान, फेज वाइज होगा काम…महल रोड पर दौड़ेगी मेट्रो

तेजी से विस्तार ले रहे गुलाबी नगर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए मेट्रो ट्रेन का मास्टरप्लान बनाया जाएगा। अजमेर रोड, दिल्ली रोड और आगरा रोड को फोकस करते हुए मास्टरप्लान बनाया जाएगा।

2 min read
Mar 21, 2026

जयपुर। तेजी से विस्तार ले रहे गुलाबी नगर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए मेट्रो ट्रेन का मास्टरप्लान बनाया जाएगा। अजमेर रोड, दिल्ली रोड और आगरा रोड को फोकस करते हुए मास्टरप्लान बनाया जाएगा। इसी मास्टरप्लान के हिसाब से मेट्रो को फेज वाइज जमीन पर उतारा जाएगा। शुक्रवार को जयपुर मेट्रो की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जयपुर मेट्रो के विस्तार फेज की प्लानिंग में सभी प्रमुख स्थानों को शामिल करने और जनसंख्या घनत्व को ध्यान में रखकर कार्ययोजना बनाएं। जगतपुरा और वैशाली नगर को मेट्रो से जोडऩे का प्रस्तुतिकरण मेट्रो अधिकारियों ने दिया। इसमें मुख्यमंत्री ने कुछ सुझाव दिए। माना जा रहा है कि महल रोड पर मेट्रो दौड़ेगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने मेट्रो फेज-2, फेज-1सी (बड़ी चौपड़-ट्रांसपोर्ट नगर) और फेज-1डी (मानसरोवर-अजमेर रोड चौराहा) की प्रगति का भी विवरण लिया।
गौरतलब है कि बजट वर्ष 2025-26 में जगतपुरा और वैशाली नगर क्षेत्रों में मेट्रो के विस्तार हेतु डीपीआर बनाने की घोषणा की गई थी।
बैठक में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, जेडीसी सिद्धार्थ महाजन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


मास्टरप्लान में इन पर होगा फोकस
-अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल को जोड़ते हुए ठिकरिया टोल प्लाजा तक मेट्रो के रूट का विस्तार होगा।
-फेज-1सी (बड़ी चौपड़ से ट्रांसपोर्ट नगर) से जोड़ते हुए मेट्रो का विस्तार आमेर और कूकस तक ले जाया जाए।
-आगरा-जयपुर हाईवे पर बगराना और कानोता तक का प्लान बनाया जाएगा।


एलिवेटेड रोड में छोड़ा जाएगा विकल्प: अरण्य भवन से जगतपुरा आरओबी तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड पर मेट्रो ट्रेन का विकल्प छोड़ा जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि जेडीए और मेट्रो के अधिकारी समन्वय के साथ काम करें।


जयुपर मेट्रो का मास्टरप्लान तैयार किया जाएगा। इसे भविष्य में चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। सरकार की कोशिश मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी पर है। वैशाली नगर और जगतपुरा के प्रस्तावित एलाइनमेंट में कुछ बदलाव के निर्देश बैठक में मिले हैं। उसके आधार पर रिपोर्ट तैयार करवाई जाएगी।
-वैभव गालरिया, प्रबंध निदेशक, राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन


फेज-2 का अनुमोदन इस माह संभव:मेट्रो फेज-2 को केंद्र सरकार से इस माह अनुमति मिलने की उम्मीद है। मेट्रो अधिकारियों की मानें तो यूनियन कैबिनेट में डीपीआर के अनुमोदन होना है। इसके बाद जमीन पर काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए मेट्रो प्रशासन ने एक हिस्से का टेंडर जारी कर रखा है। कार्यादेश देना शेष है।

Published on:
21 Mar 2026 08:26 am
Also Read
View All

अगली खबर