जयपुर

जयपुर नगर निगम की अव्यवस्थाओं पर आप का हल्ला बोल, 15 वार्डों की समस्याएं उजागर, शहर की बदहाल स्थिति पर उठाए सवाल

शहर में बढ़ती अव्यवस्थाओं और नगर निगम की लापरवाहियों के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है।

2 min read
Mar 30, 2026
Feature image

जयपुर। शहर में बढ़ती अव्यवस्थाओं और नगर निगम की लापरवाहियों के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के अभियान “जयपुर नगर निगम हल्ला बोल” के प्रथम चरण के तहत आयोजित कार्यक्रम में शहर की जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। जिला अध्यक्ष अमित दाधीच और संगठन महामंत्री संगीता गौड़ ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐतिहासिक और पर्यटन नगरी जयपुर की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जबकि जिम्मेदार विभाग निष्क्रिय बना हुआ है।

गंदगी, टूटी सड़कें और सीवर समस्या बनी बड़ी चुनौती

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि शहर के कई इलाकों में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जगह-जगह टूटे हुए बिजली के पोल, जर्जर सड़कें, खुले और झूलते बिजली के तार हादसों को न्योता दे रहे हैं। इसके अलावा ब्लॉक सीवर चैंबर, बंद या खराब स्ट्रीट लाइट और अव्यवस्थित कचरा प्रबंधन ने आमजन का जीवन कठिन बना दिया है। आवारा पशुओं की समस्या भी लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके नगर निगम इन समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहा।

इन क्षेत्रों की समस्याओं का किया उल्लेख

वार्ता में आदर्श नगर, मालवीय नगर, सिविल लाइंस, बगरू, सांगानेर, विद्याधर नगर और झोटवाड़ा सहित कई क्षेत्रों की समस्याओं को विस्तार से रखा गया। पार्टी नेताओं ने बताया कि इन इलाकों में गंदगी, जलभराव, टूटी सड़कों और सीवर की समस्याओं के कारण स्थानीय निवासियों में भारी रोष है। पार्टी द्वारा 15 वार्डों का निरीक्षण कर फोटो सहित विस्तृत दस्तावेज तैयार किया गया है, जो जमीनी हकीकत को दर्शाता है।

नगर निगम को चेतावनी, आंदोलन की दी धमकी

कार्यक्रम में मोहसिन कुरैशी, फिरोजुद्दीन, शहजाद खान, शाहरुख, प्रदीप आसुदानी, अशोक मेघवाल, हुमा खान, कृष्ण मुरारी त्रिपाठी, विनीत शर्मा, राशीद हसन, लोकेंद्र कुलश्रेष्ठ, अभिषेक झा, योगेश अग्रवाल व अन्य मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि वे लगातार वार्डों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसके बाद पदाधिकारियों ने नगर निगम कार्यालय, लाल कोठी पहुंचकर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।

Updated on:
30 Mar 2026 09:43 pm
Published on:
30 Mar 2026 09:39 pm