जयपुर

Rajasthan : बिना साक्षात्कार के अभिषेक चौधरी युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निर्वाचित, गहलोत व डोटासरा ने दी बधाई

Abhishek Chaudhary : जयपुर. राजस्थान में युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पद के चुनाव में सर्वाधिक वोट हासिल करने वाले अभिषेक चौधरी को प्रदेशाध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। ताज्जुब की बात यह है कि इस बार साक्षात्कार की प्रक्रिया नहीं हुई और सीधे नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए।
2 min read
• •
Updated: 5 Nov 2026, 10:36 PM IST
abhishek chaudhary rajasthan president youth congress without interview
Rajasthan : अभिषेक चौधरी को गले लगाते गोविंद सिंह डोटासरा। फोटो -@GovindDotasra

Abhishek Chaudhary : जयपुर. राजस्थान में युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पद के चुनाव में सर्वाधिक वोट हासिल करने वाले अभिषेक चौधरी को प्रदेशाध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। वहीं, दूसरे नंबर पर रहे अनिल चोपड़ा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष और तीसरे स्थान पर रहे राजकुमार परसवाल को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब ने नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस बार संगठन में किसी को कार्यकारी अध्यक्ष नहीं बनाया गया है। अभिषेक को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा गुट की ओर से समर्थन दिया गया था। इस बार साक्षात्कार की प्रक्रिया नहीं हुई और सीधे नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए गए। पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा और अन्य नेता वन-टू-वन साक्षात्कार लेते, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है कि बगैर साक्षात्कार के ही अभिषेक चौधरी को सर्वाधिक मत लेने के चलते अध्यक्ष चुन लिया गया है।

चार अक्टूबर को घोषित परिणामों में अभिषेक 6 लाख 15 हजार 57 वोट लेकर पहले स्थान पर रहे थे। जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे अनिल चोपड़ा को 5 लाख 45 हजार 638 वोट मिले और वे दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर रहे राजकुमार परसवाल को 1 लाख 95 हजार 30 वोट मिले। अभिषेक चौधरी और अनिल चोपड़ा के बीच 69 हजार 419 वोटों का अंतर था।

युवाओं के बीच कांग्रेस की विचारधारा को और मजबूत करेंगे - अशोक गहलोत

कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि राजस्थान युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चोपड़ा एवं उपाध्यक्ष राजकुमार परसवाल को मेरी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आप सभी युवा कांग्रेस को नई ऊर्जा देते हुए युवाओं के बीच कांग्रेस की विचारधारा को और मजबूत करेंगे। आप तीनों के सफल कार्यकाल एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।

डोटासरा ने दी बधाई

कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि राजस्थान युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर अभिषेक चौधरी को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं। साथ ही, नवनिर्वाचित वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चोपड़ा, उपाध्यक्ष राजकुमार परसवाल एवं सभी डेलीगेट्स को भी हार्दिक बधाई दी। अभिषेक, मुझे पूर्ण विश्वास है कि महादेव की कृपा और युवाओं के विश्वास से आपके संघर्षशील नेतृत्व में राजस्थान युवा कांग्रेस युवाओं के हक, रोजगार और बेहतर भविष्य की आवाज़ को मजबूती से बुलंद करेगी।

Updated on:
5 Nov 2026, 10:36 PM IST
Published on: