
विवि में परिषद कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
जयपुर। प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रहे फर्जीवाड़े के विरोध में मंगलवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने राजस्थान विश्वविद्यालय में प्रदर्शन करते हुए शिक्षामंत्री को बर्खास्त किए जाने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर एकत्रित होकर नारेबाजी की। आक्रोशित कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के बाहर सड़क पर आने लगे तो पुलिस ने मुख्य द्वार को बंद कर दिया। कार्यकर्ता गेट पर चढ़ गए और बाहर आने का प्रयास करने लगे। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का—मुक्की हुई। ऐसे में पुलिस ने एबीवीपी के प्रदेश मंत्री हुश्यार मीणा सहित11 जनों को हिरासत में ले लिया और गांधी नगर थाने लगे गए।
प्रदेश मंत्री को थाने ले जाने के बाद कार्यकर्ता और आक्रोशित हो गए और मुख्य द्वार पर ही धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटे तक घटनाक्रम चला। आ खिरकार पुलिस को हिरासत में लिए गए सभी कार्यकर्ताओं को छोडऩा पड़ा। इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ता धरने से उठे। इस दौरान प्रदेश मंत्री हुश्यार मीणा ने बताया कि प्रदेश में रीट, एसआई और जेईएन भर्ती के पेपर लीक हुए हैं। सरकार बेरोजगारों से धोखा कर रही है। उन्होंने शिक्षा मंत्री को बर्खास्त किए जाने की भी मांग की और कहा कि 15 अक्टूबर को विश्वविद्यालय में फिर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
गेट बंद होने से गुस्साए प्रोफेसर, ताला तोड़ा
इधर, एबीवीपी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय का गेट बंद कर दिया। जिससे विश्वविद्यालय के शिक्षक भी अंदर फंस गए। ऐसे में प्रोफेसर महिपाल सिहाग ने पुलिस को आए दिन गेट बंद करने पर खरी—खोटी सुनाई। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी गाड़ी से रॉड निकालकर ताला तोड़ दिया। इस दौरान उनकी पुलिसकर्मियों से बहस भी हुई।