5 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जयपुर में हिस्ट्रीशीटर दंपती का 1 करोड़ का अवैध मकान ध्वस्त, ड्रग्स-शराब तस्करी की काली कमाई से बनाया था 3 मंजिला घर

राजधानी जयपुर के मानसरोवर में पुलिस और जेडीए ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर दंपती मुकेश सांसी और तीजा सांसी के करीब 1 करोड़ रुपए मूल्य के तीन मंजिला अवैध मकान पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। मादक पदार्थ और अवैध शराब तस्करी से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई के साथ दूसरी संपत्ति पर भी नोटिस चस्पा किया गया।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Arvind Rao

Aug 05, 2026

Jaipur Mansarovar Bulldozer Action

हिस्ट्रीशीटर दंपती का अवैध मकान ध्वस्त (पत्रिका फोटो)

Jaipur Mansarovar Bulldozer Action: जयपुर में अपराध से अर्जित संपत्ति और भू-माफियाओं के खिलाफ पुलिस व प्रशासन ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एक और बड़ी कार्रवाई की है। मानसरोवर थाना क्षेत्र में पुलिस और जयपुर विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन शाखा की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मुकेश सांसी और उसकी पत्नी, हिस्ट्रीशीटर तीजा सांसी के 3 मंजिला अवैध मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। बाजार मूल्य के अनुसार, जमींदोज की गई इस आलीशान इमारत की कीमत करीब 1 करोड़ रुपए आंकी गई है।

डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने मामले का खुलासा करते हुए बताया, गुर्जर की थड़ी स्थित शिवशंकर विहार के मकान नंबर 36ए में जेडीए से बिना किसी अनुमति और सेटबैक बायलॉज का उल्लंघन करके यह 3 मंजिला अवैध मकान बनाया गया था। जांच में सामने आया है कि आरोपी दंपती पिछले कई वर्षों से इलाके में अवैध शराब की बिक्री और एनडीपीएस की तस्करी के धंधे में संलिप्त थे।

इसी काली कमाई के जरिए उन्होंने इस अवैध निर्माण को अंजाम दिया था। आरोपियों के खौफ और इलाके में दबदबे के कारण स्थानीय निवासी विरोध करने से डरते थे। यदि कोई आवाज उठाता, तो उसे डरा-धमकाकर चुप करा दिया जाता था।

दूसरी संपत्ति पर नोटिस चस्पा

मानसरोवर थानाप्रभारी सतीश चंद ने बताया कि भारी पुलिस बल और जेडीए के लवाजमे के साथ कार्रवाई करते हुए मकान नंबर 36ए को पूरी तरह से नेस्तेनाबूद कर दिया गया है। इसके अलावा, कार्रवाई यहीं नहीं रुकी आरोपियों की पास ही स्थित दूसरी अवैध संपत्ति (मकान नंबर 37) पर भी जेडीए अधिनियम 1982 की धारा 32 (1) व (6) के तहत नोटिस चस्पा कर दिया गया है। यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो उस पर भी पीला पंजा चलाया जाएगा।

मुकेश सांसी और तीजा सांसी के आपराधिक रिकॉर्ड

मुकेश सांसी पर 9 अवैध शराब तस्करी और 3 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, तीजा सांसी पर 6 अवैध शराब तस्करी और 2 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध कमाई से संपत्ति बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।