जयपुर

8 Lane: अजमेर रोड से SEZ तक बनेगी अब 8 लेन सड़क, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, 19 करोड़ रुपए होंगे खर्च

Road Expansion Project: महिंद्रा वर्ल्ड सिटी को बड़ी सौगात, रीको बनाएगा 4 किमी लंबी 8 लेन आधुनिक सड़क। औद्योगिक कनेक्टिविटी को नई रफ्तार, रीको की पहल से बदलेगा महिंद्रा क्षेत्र का ट्रैफिक सिस्टम।
2 min read
May 07, 2026
Ajmer Road Jaipur
Photo AI

Industrial Road Development: जयपुर। राजस्थान में औद्योगिक विकास को नई गति देने और निवेशकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) ने एक बड़ा कदम उठाया है। रीको ने निर्णय लिया है कि अजमेर रोड से महिंद्रा सेज (SEZ) को जोड़ने वाली लगभग 4 किलोमीटर लंबी और 200 फीट चौड़ी अप्रोच रोड का विकास एवं चौड़ीकरण कर इसे अत्याधुनिक 8 लेन सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा।

यह परियोजना महिंद्रा वर्ल्ड सिटी और आसपास के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आएगी। वर्तमान में इस क्षेत्र में लगातार बढ़ते औद्योगिक गतिविधियों और आबादी के कारण ट्रैफिक दबाव बढ़ रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। नई 8 लेन सड़क बनने के बाद यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

रीको ने अपने हिस्से के रूप में लगभग 9.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति

रीको और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के बीच हाल ही में हुई महत्वपूर्ण बैठक में इस परियोजना को लेकर सहमति बनी है। करीब 18.50 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में दोनों विभाग बराबर-बराबर यानी 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी निभाएंगे। रीको ने अपने हिस्से के रूप में लगभग 9.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान कर दी है। अधिकारियों ने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

इस सड़क परियोजना में केवल चौड़ीकरण ही नहीं बल्कि आधुनिक विकास कार्य भी शामिल होंगे। इसके तहत डिवाइडर निर्माण, पौधारोपण, फेंसिंग, स्ट्रीट लाइटिंग और विद्युत व्यवस्था को भी आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इससे सड़क न केवल सुगम और सुरक्षित होगी, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी बनेगी।

औद्योगिक क्षेत्र में 100 से अधिक इकाइयां कार्यरत

महिंद्रा वर्ल्ड सिटी लिमिटेड (जयपुर) रीको और महिंद्रा एंड महिंद्रा का संयुक्त उपक्रम है, जहां विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ), घरेलू उत्पादन क्षेत्र और सामाजिक आधारभूत संरचना विकसित की गई है। इस औद्योगिक क्षेत्र में 100 से अधिक इकाइयां कार्यरत हैं, जिनमें लगभग 75,000 लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त कर रहे हैं।

कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों के लिए भी बड़ी सुविधा

साथ ही इस क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहे आवासीय प्रोजेक्ट्स के कारण बड़ी संख्या में लोग यहां रह रहे हैं, जिससे यातायात दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में यह 8 लेन सड़क परियोजना न केवल उद्योगों के लिए लाभकारी होगी, बल्कि कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों के लिए भी बड़ी सुविधा साबित होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से लॉजिस्टिक्स सिस्टम मजबूत होगा, औद्योगिक उत्पादन की गति बढ़ेगी और निवेश के नए अवसर भी विकसित होंगे। रीको की यह पहल राजस्थान को औद्योगिक विकास के नए आयाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Published on:
07 May 2026 05:07 pm