जयपुर

बीसलपुर डेम का खुला एक रेडियल गेट अटका… जानिए क्या हुआ ऐसा…

बीसलपुर डेम का अब सिर्फ एक गेट खुला है और डेम से कम मात्रा में पानी की निकासी हो रही है। आज या कल तक डेम का गेट बंद होने की संभावना है।
2 min read
• •
Updated: 23 Sep 2024, 9:39 AM IST
Feature image

जयपुर। पिंकसिटी की लाइफ लाइन बीसलपुर डेम इस साल सातवीं बार छलका और डेम के खोले गए गेट एक पखवाड़े तक छलकने के बाद अब बंद होने लगे हैं। सिलसिलेवार खुले छह गेट में से बांध का अब सिर्फ एक गेट खुला है जो भी आज या कल तक बंद कर दिया जाएगा। बारिश का दौर थमने के बावजूद त्रिवेणी से हो रही पानी की आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने अभी तक बांध के एक गेट को खुला रखा है और बहुत कम मात्रा में बांध से पानी डाउन स्ट्रीम में छोड़ा जा रहा है।

जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता मनीष बंसल ने बताया कि इस बार मानसून सीजन में बांध में पानी की बंपर आवक हुई है। हालांकि अगस्त माह में बांध छलकने से दूर रहा लेकिन माह के अंत में त्रिवेणी में पानी का बहाव 4 मीटर से ज्यादा होते ही बीसलपुर बांध छलकने के कगार पर जा पहुंचा। पिछले एक पखवाड़े से बांध के कुछ छह गेट खुले और क्रमवार 5 गेट पिछले सप्ताह तक बंद कर दिए गए। बांध का अब सिर्फ एक गेट 0.10 मीटर उंचाई तक खुला है और 600 क्यूसेक पानी डाउन स्ट्रीम में छोड़ा जा रहा है।

त्रिवेणी में पानी का बहाव अब भी 3 मीटर पर स्थिर रहने से बांध में लगातार पानी की आवक बनी हुई है। हालांकि बीसलपुर बांध का गेज अभी उच्चतम जलभराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर पर है और इससे अधिक हो रही पानी की आवक को बनास नदी में छोड़ा जा रहा है।

गौरतलब है कि जयपुर, अजमेर और टोंक जिले को बीसलपुर बांध से रोजाना करोड़ों लीटर जलापूर्ति होती है और इसके चलते रोजाना बांध का जलस्तर एक सेंटीमीटर कम होता है लेकिन इस बार त्रिवेणी से पानी की आवक बांध में लगातार होने से बांध का जलस्तर पानी की निकासी के बावजूद 315.50 आरएल मीटर पर स्थिर रहा है।

Updated on:
23 Sep 2024, 9:39 AM IST
Published on: