
जयपुर। प्रदेश में इस बार जमकर मेहरबान रहे मानसून पर अगले सात दिन तक ब्रेक लग गए हैं। दक्षिण पूर्वी इलाकों में सक्रिय कम वायुदाब क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है जिसके चलते आगामी सप्ताहभर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। हालांकि सप्ताहभर बाद एक बार फिर प्रदेश के पूर्वी इलाकों में झमाझम बारिश होने व कुछ भागों में मूसलाधार बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेशभर में अब बारिश की गतिविधियां कम हो गई हैं। हालांकि पूर्वी इलाकों में छिटपुट बौछारें गिरने की संभावना है लेकिन पश्चिमी इलाकों में आज से अगले 7 दिन तक मौसम शुष्क रहने व कुछ स्थानों पर छिटपुट बौछारें गिरने के आसार हैं। वहीं आगामी 27 सितंबर से प्रदेश के पूर्वी भागों में फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं जिसके चलते प्रदेश के पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने व कुछ इलाको में तेज बारिश होने के आसार हैं।
एक जून से 20 सितंबर तक वास्तविक वर्षा
प्रदेश में इस बार पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में मेघ जमकर मेहरबान रहे हैं। प्रदेशभर में मानसून के दौरान सामान्य वर्षा 426 मिमी है जबकि अभी तक 671 मिमी बारिश हो चुकी है जो सामान्य से 58 फीसदी अधिक रही है। वहीं पूर्वी राजस्थान में सामान्य वर्षा 609 मिमी है जबकि अब तक 908.8 मिमी बारिश दर्ज की गई जो सामान्य से 49 फीसदी ज्यादा है। पश्चिमी राजस्थान में सामान्य बारिश का आंकड़ा 275 मिमी है वहीं अब तक 481 मिमी बारिश हुई जो समान्य से 75 फीसदी ज्यादा है।
Updated on:
30 Oct 2024, 1:40 PM IST
Published on:
21 Sep 2024, 9:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.