Health Infrastructure Rajasthan: आरयूएचएस अस्पताल में एंजियोग्राफी सुविधा शुरू, हृदय रोगियों को बड़ी राहत, अब एसएमएस अस्पताल जाने की जरूरत नहीं, पहले ही दिन दो मरीजों की जांच सफलतापूर्वक की गई ।
Heart Patients Relief: जयपुर। प्रदेश के हृदय रोगियों के लिए राहत भरी खबर है। आरयूएचएस अस्पताल में सोमवार से एंजियोग्राफी की सुविधा शुरू कर दी गई है। पहले ही दिन दो मरीजों की सफल एंजियोग्राफी की गई, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में खुशी की लहर है।
चिकित्सा शिक्षा सचिव अम्बरीष कुमार ने बताया कि सवाई मानसिंह अस्पताल पर मरीज का भार कम करने और राजस्थान वासियों को अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आरयूएचएस अस्पताल में लगातार सुपर स्पेशलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट स्थित कैथ लैब में एंजियोग्राफी सुविधा की शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा से न केवल जयपुर बल्कि प्रदेशभर से आने वाले हृदय रोगियों को बड़ा लाभ मिलेगा। आपातकालीन स्थिति में रोगियों को त्वरित जांच और उपचार संभव हो सकेगा। साथ ही, एसएमएस अस्पताल का बोझ भी कम होगा और मरीजों का कीमती समय और संसाधन बचेंगे।
आरयूएचएस के अधीक्षक डॉ. महेश मंगल ने जानकारी दी कि सोमवार को 75 वर्षीय महिला और 44 वर्षीय पुरुष को हृदय संबंधी समस्याओं के चलते भर्ती किया गया था। दोनों मरीजों को चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा एंजियोग्राफी की सलाह दी गई थी। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के अंतर्गत नि:शुल्क सुविधा प्रदान करते हुए दोनों की जांच कैथ लैब में सफलतापूर्वक की गई।
आरयूएचएस में एंजियोग्राफी सुविधा की शुरुआत से चिकित्सा क्षेत्र में एक नई उपलब्धि जुड़ी है, जिससे हजारों मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलेगा।