Nautapa 2026: अप्रेल मौसम ने 2 रूप दिखाए, जहां एक ओर लू और गर्मी ने तंग किया, वहीं दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ ने आंधी-बारिश का दौर चलाया, जिससे तापमान में गिरावट आई।
Rajasthan Weather Update: जयपुर समेत प्रदेशभर में अप्रेल माह में मौसम ने दो रंग दिखाए। एक तरफ तेज गर्मी और लू का असर रहा, तो दूसरी ओर बीच-बीच में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी और हल्की बारिश से तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट देखने को मिली।
अप्रेल के दूसरे और तीसरे सप्ताह में तापमान लगातार बढ़ा और कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि बाड़मेर में अधिकतम तापमान 47 डिग्री के करीब तक दर्ज किया गया।
जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक, बीते दस साल में अप्रेल इस बार सबसे गर्म रहा। हालांकि, इस बार मई के दूसरे सप्ताह तक सामान्य गर्मी रहने से आमजन को राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, जयपुर का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जबकि रेगिस्तानी जगहों पर तापमान आखिरी सप्ताह में 47 डिग्री के पार पहुंच सकता है।
लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से मई के तीसरे सप्ताह तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। मेघगर्जन से गर्मी भी सामान्य रहने के आसार हैं।
बंगाल की खाड़ी से लगातार पूर्वी हवाओं का दौर जारी रहने से मई में पारा नियंत्रित रहेगा। ऐसे में अप्रेल के मुकाबले मई में आमजन को परेशानी थोड़ी कम होगी। मई के आखिरी सप्ताह में नौतपा भी शुरू होगा। ऐसे में इस समयावधि में सामान्य से अधिक हीटवेव रहेगी।
जयपुर सहित प्रदेशभर में बीते 24 घंटे में मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। छबड़ा (बारां) में 18.0 एमएम बारिश दर्ज की गई। बीते एक दिन में सबसे अधिक तापमान 44.1 डिग्री बाड़मेर का दर्ज किया गया। इसके अलावा 15 से अधिक शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया।
आगामी चार से पांच दिन में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास दर्ज होगा और हीटवेव से राहत मिलेगी।
राधेश्याम शर्मा, निदेशक, जयपुर मौसम विज्ञान केन्द्र
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बार-बार मौसम में बदलाव आ रहा है। तेज हवाओं और बार-बदलती दिशा के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 48 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी।
मई माह के प्रथम सप्ताह में दोपहर बाद 30-50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश के आसार है। इससे तापमान में गिरावट आने से हीटवेव से राहत मिलने के आसार है। सीकर में शुक्रवार सुबह से धूप के तेवर तीखे रहे। सामान्य से ज्यादा तापमान के कारण दोपहिया वाहन पर चलना दुश्वार हो गया। बाजार में लोगों की चहल-पहल कम रही।
तेज धूप के कारण पशुपक्षी भी छांव की तलाश करते रहे। शाम को पार्कों में लोगों की भीड़ रही। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री व सीकर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया।