जयपुर

अशोक गहलोत-सचिन पायलट पहुंचे राहुल गांधी के पास! अब राजस्थान में तेज होने वाली है कांग्रेस की रणनीतियां

कर्नाटक चुनाव प्रचार थमने के साथ ही राजस्थान में कांग्रेस की गतिविधियां तेज होंगी...
2 min read
May 08, 2018
ashok gehlot
ashok gehlot

जयपुर। प्रदेश के वरिष्ठ नेता एआईसीसी महासचिव संगठन अशोक गहलोत व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट सोमवार को कर्नाटक के चुनावी दौरे पर पहुंचे। जानकारी के मुताबिक गहलोत चार दिन राहुल गांधी के साथ कर्नाटक में चुनावी दौरे पर रहेंगे। वहीं सचिन पायलट का अभी दो दिन का कार्यक्रम बताया जा रहा है। पायलट ने पहले दिन ब्यातारयानापुरा तथा काटनपेट में सभाओं को संबोधित किया। वे मंगलवार को चामराजपेट विधानसभा क्षेत्र में रोड-शो में शामिल होंगे। शाम को चिकपेट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित चुनावी सभा को सम्बोधित करेंगे।

इधर, प्रदेश कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कर्नाटक चुनाव प्रचार थमने के साथ ही राजस्थान में कांग्रेस की गतिविधियां तेज होंगी। यहां अजमेर संभाग का मेरा बूथ-मेरा गौरव कार्यक्रम ११ मई को टोंक में होगा। दो संभागों में कार्यक्रम पहले हो चुके हैं। संभागों में अंतिम कार्यक्रम जयपुर में होगा। इसके बाद आगे के कार्यक्रम तय होंगे।


उधर राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने महंगे पेट्रोल और डीजल के खिलाफ सोमवार को बैलगाड़ी और साइकिल चलाकर विरोध जताया। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या के नाम से ही डर होने लगा है और कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा के आमंत्रण पर मोदी या अन्य किसी भाजपा नेता से कोई जवाब नहीं मिला। राहुल ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का भाव कम होने के बावजूद देश में तेल महंगा बेचने के खिलाफ कोलार जिले के मालूर में साइकिल चलाई।

जन आशीर्वाद यात्रा के नौंवें चरण में सोमवार को बेंगलूरु से हेलीकॉप्टर से मालूर पहुंचे राहुल ने रोड शो के दौरान कुछ दूरी तक साइकिल की सवारी की। बाद में विशेष बस से रोड शो किया। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाली रसोई गैस सिलेंडर उठाकर गैस की कीमत में वृद्धि का विरोध किया। रोड शो के दौरान बैलगाड़ी पर खड़े होकर लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिर रही हैं लेकिन सरकार पेट्रोल व डीजल के दाम बढ़ाती जा रही है।

मोदी की भाषा पद के अनुरूप नहीं
बेंगलूरु में पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री अपने विरोधियों के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उनकी पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है।

Published on:
08 May 2018 04:40 pm
Also Read
View All