
Ashok Gehlot Request to CM BhajanLal : कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व मंत्री अशोक गहलोत ने अपने सोशल मीडिया अंकाउट X पर आज सोमवार को लिखा कि हमारी सरकार ने जयपुर के सेंट्रल पार्क में गांधीजी के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए करीब 85 करोड़ रुपए की लागत से गांधी वाटिका म्यूजियम बनाया है। जिसका उद्घाटन 23 सितंबर 2023 को राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किया था। पहले प्रशासन के चुनावों में व्यस्त होने के कारण इसे आमजन के लिए शुरू नहीं किया था परन्तु अब तो लोकसभा चुनाव भी हो चुके हैं एवं नई सरकार को 6 महीने से अधिक का समय हो गया है। ऐसे में अभी तक गांधी वाटिका म्यूजियम को शुरू न किया जाना समझ के परे है। मैं मुख्यमंत्री @BhajanlalBJP से आग्रह करना चाहता हूं कि जयपुर में बने इस आकर्षक म्यूजियम को अविलंब शुरू किया जाए।
अशोक गहलोत ने आगे लिखा कि ऐसा न हो कि प्रशासन की इस हठधर्मिता के खिलाफ गांधीवादियों को गांधी वाटिका शुरू करने के लिए अनशन करने पर मजबूर होना पड़े।
यह भी पढ़ें -
अशोक गहलोत का यह ड्रीम प्रोजेक्ट था। गांधी दर्शन म्यूजियम का निर्माण पांच चरणों में किया गया है। लगभग 14 हजार 500 वर्गमीटर क्षेत्र में इसे तैयार किया गया है। म्यूजियम में मुख्य रूप से गांधी जी की विरासत एवं स्वतंत्रता संग्राम के मुख्य आंदोलनों को आभासी तौर पर पुनर्जीवित किया गया है। जिससे की दर्शक विशेषकर देश की युवा पीढ़ी स्वतंत्रता संग्राम की मुख्य घटनाओं एवं गांधी जी के जीवन, दर्शन एवं मूल्यों का अनुभव कर सके, उन्हें आत्मसात कर सके।
यह भी पढ़ें -