
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी बहुचर्चित सोशल मीडिया वीडियो सीरीज 'बजट फाइल्स' का पहला एपिसोड Case No. 01 शनिवार को रिलीज कर दिया है। सीरीज के पहले ही एपिसोड में गहलोत ने जल जीवन मिशन का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर आंकड़ों के साथ तीखा हमला बोला है। गहलोत ने अपनी निवर्तमान कांग्रेस सरकार के एक साल के कामकाज की तुलना मौजूदा भाजपा सरकार के तीन वित्त वर्षों के आंकड़ों से करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा के चर्चित नारे 'दो साल बनाम पांच साल' पर सीधा पलटवार किया है।
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो और पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री ने आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र और बजट वादों का रियलिटी चेक पेश किया। गहलोत ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 2025 तक हर घर तक पानी पहुंचाने का वादा किया था।
सरकार बनने के बाद फरवरी 2024 के बजट में 1 साल में 25 लाख और 2025 के बजट में 20 लाख नए नल कनेक्शन देने की घोषणा की गई। लेकिन कुल 45 लाख के वादे के मुकाबले लगभग 3 वित्त वर्षों में सरकार 14 लाख कनेक्शन भी नहीं लगा पाई।
वीडियो में दावा किया गया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में वित्त वर्ष 2024-25 में सिर्फ 9.44 लाख, 2025-26 में गिरकर महज 2.71 लाख और चालू वित्त वर्ष में अक्टूबर तक करीब 79 से 89 हजार नल कनेक्शन ही लग पाए हैं।
तुलना करते हुए गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अकेले 2022-23 में 13.88 लाख घरों में नल कनेक्शन दिए थे, जबकि भाजपा सरकार के तीन वित्त वर्षों का कुल आंकड़ा (12.95 लाख) भी उससे कम है।
पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि प्रदेश में आज भी करीब 44 लाख ग्रामीण परिवार नल से जल का इंतजार कर रहे हैं और यदि मौजूदा रफ्तार जारी रही, तो इन घरों तक पानी पहुंचने में 30 साल से ज्यादा का समय लग जाएगा। उन्होंने कहा भाजपा सरकार बजट में सिर्फ आंकड़ों की पाइपलाइन बिछा रही है पर घरों में बैठे राजस्थानी अभी भी इंतजार कर रहे हैं। घोषणा बजट में हुई पानी घर तक नहीं पहुंचा' यही है भाजपा सरकार की सच्चाई।