राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (AAP) के दो-तिहाई सांसदों के भाजपा में विलय पर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा, "भाजपा के लोग अपने कार्यों से पीछे नहीं हटेंगे। वे इस देश में लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। सभी एजेंसियां उनके नियंत्रण में हैं।"
जयपुर। राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (AAP) के दो-तिहाई सांसदों के भाजपा में विलय और राघव चड्ढा से जुड़े घटनाक्रम को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आएंगे और देश में लगातार डेमोक्रेसी की हत्या कर रहे हैं।
अशोक गहलोत ने कहा, "बीजेपी वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आएंगे। ये देश में लगातार डेमोक्रेसी की हत्या कर रहे हैं। सबके सामने डेमोक्रेसी कमजोर हो रही है, ये मानना पड़ेगा। सब एजेंसियां इनके काबू में हैं। वो मित्तल, जो मेंबर ऑफ पार्लियामेंट हैं, उनके छापे पड़े अभी। पहले राघव चड्ढा को इतना तंग किया बीजेपी ने और बाकी भी जो इनके हैं, जिनके नाम आप ले रहे हो, इन सबके नाम इन्होंने डाल रखे थे, वो लिकर वाले मामले में। तो ये इनकी जो पॉलिसी है, ये बड़े खुश हो रहे होंगे, पर देश पूरा देख रहा है कि क्या हो रहा है।"
उन्होंने आगे नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा, "मोदी जी और अमित शाह जी को भ्रम है, अब उनका भ्रम टूटेगा। पूरे मुल्क में लोग समझ गए हैं। ये हिंदुत्व के नाम पर राजनीति करते हैं। हिंदुत्व को मजबूत करने का क्या काम किया, खाली भड़काने के अलावा क्या किया? अब देखिए ये घटना हुई है, कम घटना है क्या? अब वॉशिंग मशीन लगी हुई है, सब बिल्कुल ठीक हो जाएंगे। किसी के खिलाफ कोई केस रहेगा ही नहीं।"
गहलोत ने भाजपा पर अन्य राज्यों में भी तोड़फोड़ की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस के लोगों को तोड़ा इन्होंने महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश में, यहां भी कमी नहीं रखी।"
राजस्थान की सियासत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "ये बार-बार भजनलाल जी और मदन दिलावर जी हमारे ऊपर बोलते हैं। वो चाहते हैं कि मैं सचिन पायलट का नाम लूं कि लोग मानेसर गए थे, ताकि लड़ाइयां शुरू हों। मैं इनको दोष देता हूं। तुमने हॉर्स-ट्रेडिंग कितने लोगों के साथ की, बताओ? आपने राजस्थान वालों को छोड़ा क्या? हम तो एकजुट हैं।"
उन्होंने 2020 के राजनीतिक घटनाक्रम की ओर इशारा करते हुए कहा, "34 दिन होटल में रहे हम लोग, इनके कुकर्मों से, कुकृत्यों से, बीजेपी के नेता लोगों की वजह से।"
अंत में गहलोत ने कहा कि जनता सब देख रही है। "ठीक है, चुनाव हम लोग कामयाब नहीं हो पाए, लेकिन झूठे आरोप लगाए गए। 5 लाख-25 लाख वाला भी। चुनाव जीतना अलग बात है, पर जो तमाशा हो रहा है, वो हर जगह दिख रहा है। वेस्ट बंगाल में क्या हो रहा है, सब देख रहे हैं। अगर नई पीढ़ी और देशवासी नहीं संभले, तो सबको भुगतना पड़ेगा।"
दरअसल, राघव चड्ढा ने करीब 14 साल का अपना आम आदमी पार्टी से जुड़ा राजनीतिक सफर खत्म कर भाजपा के साथ नई पारी शुरू करने का निर्णय लिया है। 24 अप्रैल को उन्होंने औपचारिक रूप से इसकी घोषणा करते हुए बताया कि राज्यसभा में आप के दो-तिहाई सांसद संवैधानिक प्रावधानों के तहत भाजपा में विलय का फैसला कर चुके हैं।
उनके साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया। इस घटनाक्रम के बाद आप के राज्यसभा में केवल तीन सांसद रह जाएंगे। वहीं, संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ने रणनीति के तहत सात सांसदों को अपने पक्ष में किया है।