
Ashok Gehlot : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बयान कि अशोक गहलोत अपना वार्ड भी हार गए हैं। इस पर कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि भरतपुर में भाजपा सिर्फ 20 सीटें जीत पाई फिर आपका बोर्ड कैसे बना? कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि अभी मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जोधपुर में हम वार्डों में हार गए। तो मैं मुख्यमंत्री जी से यह कहना चाहूंगा कि मुख्यमंत्री जी, आपका जिला भरतपुर है। वहां 65 सीटें थीं, जिनमें भाजपा सिर्फ 20 सीटें जीत पाई फिर आपका बोर्ड कैसे बना? आपने कैसे धमकाया? आप कह रहे हैं कि पुलिस का कोई हस्तक्षेप नहीं था। वहां निर्दलीय उम्मीदवार कांग्रेस के समर्थन से जीतकर आए थे और कांग्रेस समर्थित बोर्ड बनने वाला था। तो फिर जो उम्मीदवार थे, उनको बुलाकर आपने क्यों धमकाया? आपने धमकाया, आपके कहने पर आपके लोगों ने धमकाया, मंत्रियों ने धमकाया, यह तो आपको भी मालूम है।
अशोक गहलोत ने आगे लिखा कि फिर ऐसी स्थिति क्यों पैदा कर दी गई कि उस उम्मीदवार को बैठना पड़ा? डर के मारे वह चुनाव में खड़ा ही नहीं हुआ। उस व्यक्ति ने आपके पुलिस-प्रशासन के डर और भय के कारण खुद को चुनाव से विड्रॉ कर लिया और भाजपा वहां जीत गई। इसको आप क्या कहेंगे?
अशोक गहलोत ने लिखा कि अभी अगर हम सत्ता में होते, तो भाजपा राजस्थान में सड़कों पर कई तमाशे करती। चुनाव जीतने के लिए पुलिस के द्वारा जिस तरह का यह पूरा अप्रोच अपनाया गया, वह बेहद गंभीर और खतरनाक है। अगर मान लीजिए सत्ता में हम होते, तो भाजपा जगह-जगह तमाशा करती, राजस्थान बंद का कॉल देती और पता नहीं क्या-क्या करती। हमारी अप्रोच कभी ऐसी नहीं रही है।
अशोक गहलोत ने लिखा कि मैं बार-बार चिंता इसलिए कर रहा हूं कि अगर इस घटना की निंदा नहीं की गई तो पुलिस ने जो हरकतें की हैं और प्रशासन ने जिस तरह हस्तक्षेप किया है, अगर यह सब ऐसे ही चलता रहा, तो यह राज्य के हित में नहीं होगा। मेरा मानना है कि अगर इसको नहीं रोका गया, तो आने वाले समय में इनके हौंसले और बढ़ेंगे और आने वाले चुनावों में भी ऐसी हरकतें दोहराई जा सकती हैं। इसलिए पब्लिक भी आगे आए, जेन-ज़ी भी आगे आए और सभी को मिलकर इसका मुकाबला करना चाहिए।
अशोक गहलोत ने लिखा कि राजस्थान में चाहे भाजपा का राज हो, चाहे कांग्रेस का हो, इस हद तक कभी ऐसी हरकतें नहीं हुईं। इक्का-दुक्का कोई घटनाएं लोकल लेवल पर हुई होंगी। चुनाव सुनियोजित तरीक़े से षड्यंत्र करके जीता गया। मैं सोचता हूं कि पब्लिक समझती है, टाइम आने पर इनको जवाब देगी।